लखनऊ के ट्रिपल मर्डर मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर पर LDA ने बुलडोजर चलाया है. पहले आवास को अवैध निर्माण बताते हुए सील किया गया और फिर बुलडोजर चलाया गया.
लखनऊ के सआदतगंज में हुए ट्रिपल मर्डर मामले में प्रशासन ने मंगलवार रात को बुलडोजर की कार्रवाई की है. जानकारी के मुताबिक़ नौबस्ता इलाके के ब्राह्मण टोला में तीन लोगों की हत्या के मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के आवास पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की टीम पहुंची. बताया जा रहा है कि मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई. शुरुआत में घर को अवैध निर्माण बताते हुए चारों तरफ से सील किए जाने की जानकारी सामने आई. इसके बाद मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी की गई. कार्रवाई के दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई.
देर रात अधिकारी पहुँचे
आपको बता दें कि सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मण टोला में ट्रिपल मर्डर की घटना के बाद प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है. मंगलवार रात LDA का प्रवर्तन दस्ता कई अधिकारियों के साथ आरोपी के आवास पर पहुंचा. इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे. प्रशासन की ओर से आरोपी के घर को अवैध निर्माण बताते हुए सील किए जाने की जानकारी दी गई. इसके बाद मकान पर बुलडोजर चलाने की तैयारी शुरू हुई.
पुलिस ने गिरफ्तार किए छह आरोपी
पुलिस के मुताबिक, ब्राह्मण टोला में हुए हत्याकांड के मामले में अभी तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला भी शामिल है. पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपियों में ऋषभ शुक्ला के अलावा सतीश शुक्ला उर्फ मुन्ना बाबू, गिरीश कुमार शुक्ला, दिनेश शुक्ला उर्फ छून्ना, प्रिया शुक्ला और अदिति शुक्ला शामिल हैं.
पार्किंग विवाद में की थी हत्या
जानकारी के मुताबिक़ पार्किंग और चबूतरे को लेकर विवाद के बाद तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी. मृतकों में शिवाजी तिवारी (62), शंभू उर्फ शिवेंद्र तिवारी (57) और शिवाजी के बेटे सुयश तिवारी (30) शामिल थे. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की. मामले में गिरफ्तारी के बाद अब मुख्य आरोपी के घर पर LDA की कार्रवाई चर्चा में है.
