लुधियाना में ऑस्ट्रेलिया से लौटी एक महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक सिर्फ 4 दिन पहले ही स्वदेश लौटी महिला खून से लथपथ शव घर में मिला. बेटे ने पिता रविंदर पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पंजाब के लुधियाना से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पक्खोवाल रोड स्थित विकास नगर में एक महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. हैरानी की बात ये है कि महिला सिर्फ 4 दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटी थी. मृतका की पहचान 49 वर्षीय कमलदीप कौर के रूप में हुई है. उसका खून से लथपथ शव घर के बेडरूम में जमीन पर पड़ा मिला. जानकारी के मुताबिक महिला के शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे. सूचना मिलने पर परिजन उसे दीप अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस वारदात में मृतका के बेटे गगनदीप सिंह ने अपने पिता रविंदर सिंह पर हत्या करने का आरोप लगाया है.
बेटे ने पिता पर लगाया आरोप
बेटे के मुताबिक, उसके पिता करीब 6 महीने से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे थे और चार दिन पहले ही वो उन्हें अमृतसर एयरपोर्ट से लेकर घर आए थे. गगनदीप ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार शाम को उसके पिता ने उसे कुछ सामान लेने के लिए घर से बाहर भेज दिया. जब वो वापिस लौटा तो मां खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी थी. बेटे का आरोप है कि उसके पिता उसकी मां पर शक करते थे और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. बेटे ने यह भी दावा किया कि वारदात के बाद आरोपी ने रसोई में चाकू धोकर रख दिया था. जब वो घर पहुंचा तो उसके पिता अंदर से दरवाजा खोल रहे थे. बेटे को शक है कि इस वारदात को पहले से योजना बनाकर अंजाम दिया गया.
चीख सुनकर घर में पहुंची पड़ोसन
वहीं, इस मामले में जानकारी देते हुए पड़ोसन नरिंदर कौर ने बताया कि वो गुरुद्वारे से वापस आ रही थी. घर का गेट खुला देखकर उसने कमलदीप को आवाज लगाई. इसी दौरान घर के अंदर से बेटे की चीखने की आवाज आई. जब वो अंदर पहुंची तो कमलदीप का शव खून से लथपथ पड़ा था. इसके बाद उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया.
आरोपी को किया गिरफ्तार
थाना दुगरी के एसएचओ गुरमुख सिंह ने बताया कि महिला की पीठ और पेट पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे गंभीर चोटें आईं. पुलिस ने आरोपी पति रविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और हत्या के पीछे की असली वजह की जांच कर रही है.
