बिहार के मधेपुरा में अस्पताल की 5वीं मंजिल से बेडशीट के सहारे दो कैदी फरार हो गए. हालांकि फरार हुए दोनों कैदियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक दोनों कैदियों ने ग्रिल का पाइप तोड़कर भागने का रास्ता बनाया था.
बिहार के मधेपुरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां मौजूद जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान 5वीं मंजिल से फरार हुए दो कैदियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक दोनों कैदी अस्पताल की ग्रिल का पाइप तोड़कर बेडशीट के सहारे नीचे उतरे और वहां से फरार हो गए थे. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश में छापेमारी शुरू की और उन्हें अलग-अलग जगहों से पकड़ लिया.
ग्रिल का तोड़ दिया पाइप
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार कैदियों की पहचान शंकरपुर थाना क्षेत्र के निवासी मो. इस्लाम उर्फ मो. जुगनू और सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के निवासी मो. हजर उर्फ अब्बु हजर के रूप में हुई है. दोनों इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे. बताया जा रहा कि दोनों ने अस्पताल की 5वीं मंजिल पर लगी ग्रिल का पाइप तोड़ दिया. इसके बाद बेडशीट का इस्तेमाल कर नीचे उतरने का रास्ता बनाया और मौके से भाग निकले.
दोनों को किया गिरफ्तार
दोनों कैदियों के फरार होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी. इस मामले में SI रोशन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई. टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान मो. जुगनू को टेंगराहा स्थित उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया गया. वहीं, दूसरे कैदी मो. हजर उर्फ अब्बु हजर को शंकरपुर प्रखंड के चौरा से पकड़ लिया गया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
अगले दिन होना था ऑपरेशन
आपको बता दें कि इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मो. जुगनू का अगले दिन ऑपरेशन होना था. इसके बावजूद वह अस्पताल की 5वीं मंजिल से फरार होने में सफल रहा. अस्पताल की ऊंची मंजिल से बेडशीट के सहारे भागने की घटना सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक की ओर भी इशारा करती है. थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि फरार दोनों कैदियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
