उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है. दरअसल, यहां एक व्यक्ति की शक्तिवर्धक दवा का ओवरडोज लेने के कारण मौत की खबर सामने आ रही है. परिवार वालों ने बताया कि लड़का घर से मालिक का एक्सीडेंट बोलकर निकला था. बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो रखा है. युवक की पहचान बागपत के फतेहपुर पूठी निवासी 34 वर्षीय विनोद कुमार के रूप में की गई है.
विनोद के मोबाइल फोन से महिला ने किया कॉल
दरअसल, युवक पंजाब में नौकरी कर रहा था, लेकिन कुछ दिनों के लिए वह अपने गांव आया हुआ था. पिता लाल सिंह ने कहा कि विनोद तीसरे नंबर का पुत्र था. उनके चार बेटे हैं. रविवार के दिन विनोद घर बोलकर गया था कि उसके मालिक का एक्सीडेंट हुआ है इसलिए वह वहां जा रहा है, जिसके बाद दोपहर 12 बजे विनोद के मोबाइल फोन से महिला ने कॉल किया और बोला कि विनोद का एक्सीडेंट हुआ है इसलिए फौरन बुलंदशहर आ जाएं. महिला के कॉल के बाद जिला अस्पताल से कालाआम चौकी जिला पुलिस को जानकारी दी गई कि एक युवक मृत्यु हो गई है और उसके संग आई लड़की उसको अपना पति कह रही है.
युवती मौके से फरार
पुलिस के जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवती वहां से भाग चुकी थी. पुलिस अभी तक मौत के पीछे के स्पष्ट कारणों का पता नहीं लगा पाई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएंगी. साथ ही महिला को भी जल्द से जल्द ढूंढा जा रहा है.
शक्तिवर्धक दवा का ओवरडोज!
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि लड़का और लड़की दोनों पहले होटल गए थे. युवक ने वहां पर शक्तिवर्धक दवा ली थी. हालांकि, उसने उसका ओवरडोज ले लिया था, जिसके बाद दोनों मलका पार्क गए थे. पार्क में युवक की तबीयत बिगड़ गई. अस्पताल ले जाते-जाते युवक का हार्ट फेल हो गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई थी. अभी तक लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है.
ये भी पढ़ें: नोएडा के हर वर्क सर्कल में बनेगी एक मॉडल रोड, खराब सड़कों की मरम्मत के लिए अथॉरिटी ने कसी कमर
