मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाक़ात की. मुलाकत के बाद उन्होंने कहा कि मैंने गृह मंत्री को बताया कि लोग जनगणना कराने के खिलाफ नहीं है. इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई है.
मणिपुर में हालात अभी भी नाजुक बने हुए हैं. इस बीच अब राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने मंगलवार को बताया कि उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और राज्य में जारी आर्थिक नाकेबंदी, जरूरी चीजों की सप्लाई में रुकावट के साथ राज्य में जनगणना से पहले नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन (NRC) लागू करने की मांग को लेकर चिंता जताई है.
गृह मंत्री ने दिलाया भरोसा
दिल्ली के 2 दिन के दौरे के बाद लौटे बीरेन ने कहा कि उन्होंने गृह मंत्री को बताया कि राज्य के लोग जनगणना के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि वे चाहते हैं कि पहले यहां पर NRC लागू किया जाए. उन्होंने दावा किया कि गृह मंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि नाकेबंदी और सप्लाई में रुकावट से जुड़े मुद्दों को जल्द ही हल कर लिया जाएगा.
कई मुद्दों पर हुई बात
बीरेन ने कहा कि मैं गृह मंत्री अमित शाह से मिलने दिल्ली आया था और अपॉइंटमेंट मिलने के बाद कल उनसे मिला. मैंने उन्हें कई मुद्दों के बारे में बताया, जिनकी वजह से जरूरी सामान की कीमतें बढ़ गईं हैं और सप्लाई पर असर पड़ा है.
हजारों की संख्या में बेघर हुए लोग
उन्होंने कहा कि मैंने अमित शाह को मणिपुर के लोगों की उस मांग के बारे में भी बताया जो फरवरी 2023 में राज्य में जातीय हिंसा शुरू होने से पहले मेरी सरकार ने उठाई थी. यह मांग नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन (NRC) लागू करने की थी.उन्होंने बताया कि मई 2023 से मैतेई और कुकी गुटों के बीच हुई झड़पों में अब तक 260 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और हजारों की संख्या में लोग बेघर हो गए हैं.
