Manoj Muntashir Video on Vote Theft: वोट चोरी विवाद पर मनोज मुंतशिर ने वीडियो जारी कर अभिजीत दीपके और ध्रुव राठी पर निशाना साधा. उन्होंने युवाओं को सोच-समझकर कदम उठाने की नसीहत दी है.

Manoj Muntashir Video on Vote Theft: देश में वोट चोरी के आरोपों को लेकर छिड़ी तीखी राजनीतिक बहस के बीच जाने-माने गीतकार मनोज मुंतशिर का एक बयान सामने आया है. उन्होंने 8 मिनट 42 सेकंड का एक वीडियो जारी करके विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं को गंभीर सलाह दी है. मनोज मुंतशिर ने युवाओं को आगाह करते हुए कहा कि सड़क पर उतरने से पहले उन्हें यह सोचना चाहिए कि उनका इस्तेमाल कौन कर रहा है. इस वीडियो में उन्होंने एक्टिविस्ट अभिजीत दीपके और चर्चित यूट्यूबर ध्रुव राठी पर युवाओं को भड़काने के गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने वोट चोरी के दावों से लेकर चुनाव आयोग की भूमिका तक कई मुद्दों पर अपनी बेबाक बात रखी है.
अभिजीत दीपके पर लगाए आरोप, कहा- अपनी हार का बदला लेने के लिए युवाओं का हो रहा इस्तेमाल
मनोज मुंतशिर ने अपने वीडियो की शुरुआत युवाओं को संबोधित करते हुए की. उन्होंने आरोप लगाया कि अभिजीत दीपके पहले अरविंद केजरीवाल की टीम से जुड़े रहे हैं. आम आदमी पार्टी की चुनावी हार के बाद अब सत्ता में वापसी के लिए युवाओं के जोश का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है. मनोज ने सवाल उठाया कि पंजाब और हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की सरकारें हैं, लेकिन वहाँ की समस्याओं पर कोई आवाज़ नहीं उठाता. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने वाले लोग केवल अपनी फंडिंग करने वालों को खुश रखने के लिए चुनिंदा मुद्दों पर ही बयानबाजी करते हैं.
ध्रुव राठी की राष्ट्रभक्ति पर उठाए सवाल, कहा- देश की सफलताओं पर नहीं दिखता इनका उत्साह
मनोज मुंतशिर ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी अपने निशाने पर लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी भारत कोई बड़ी सफलता हासिल करता है, तब ध्रुव राठी के सोशल मीडिया पर वैसा उत्साह दिखाई नहीं देता. उन्होंने मंगलयान अभियान और भारतीय सेना की उपलब्धियों का उदाहरण दिया. मनोज ने कहा कि देश की तारीफ करने के मौकों पर ध्रुव राठी की टाइमलाइन शांत रहती है. हालाँकि उन्होंने युवाओं से यह भी अपील की कि वे किसी की बातों में आंख बंद करके यकीन न करें, बल्कि अपनी समझ और सोच-विचार के आधार पर ही कोई कदम उठाएं.
‘देश को नेपाल या पाकिस्तान बनाने की साजिश’, जयप्रकाश और अन्ना से की अगुआओं की तुलना
विरोधी प्रदर्शनों की अगुवाई करने वाले नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए मनोज ने कहा कि यह दुख की बात है कि आज युवाओं का नेतृत्व जयप्रकाश नारायण या अन्ना हजारे जैसे निस्वार्थ लोग नहीं कर रहे. उनके अनुसार आज कुछ चालाक और मौकापरस्त लोग युवाओं को आगे कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग युवाओं के कंधे पर बंदूक रखकर देश को नेपाल, पाकिस्तान या बांग्लादेश जैसी बदहाली की ओर ले जाना चाहते हैं. मनोज ने साफ किया कि वे बीजेपी के सदस्य नहीं हैं, लेकिन देश, सेना और सनातन में विश्वास के कारण उनकी सोच आरएसएस से मेल खाती है.
चुनाव आयोग के बचाव में दिए आंकड़े, पूछा- अगर धांधली होती तो यूपी में कैसे हारती बीजेपी?
वोट चोरी और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने वालों को मनोज मुंतशिर ने आंकड़ों से जवाब दिया. उन्होंने पूछा कि अगर चुनाव आयोग वाकई बीजेपी के दबाव में काम कर रहा होता, तो कई राज्यों में पार्टी चुनाव कैसे हार जाती? उन्होंने तमिलनाडु, पंजाब, तेलंगाना, कर्नाटक और कश्मीर का उदाहरण दिया. इसके अलावा मनोज ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के नतीजों का ज़िक्र किया. उन्होंने कहा कि यूपी की 80 सीटों में से बीजेपी गठबंधन को 36 और सपा-कांग्रेस को 43 सीटें मिलीं. अगर आयोग बिक चुका होता तो यूपी के नतीजे ऐसे बिल्कुल न होते.
लोकतंत्र का सही मतलब समझाकर दी नसीहत, कहा- देश हित को सबसे ऊपर रखें युवा
पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए मनोज ने कहा कि 2016 में बीजेपी को वहाँ सिर्फ तीन सीटें मिली थीं, लेकिन मेहनत के दम पर बाद में उसका प्रदर्शन सुधरा. यही लोकतंत्र की असली खूबसूरती है जहाँ जनता अपनी मर्जी से सरकार चुनती और बदलती है. अपने वीडियो के अंत में मनोज ने कहा कि वे सड़कों पर उतरे युवाओं को देशविरोधी नहीं मानते, बल्कि उनमें देश सुधारने का जज़्बा देखते हैं. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाएं और बिना सोचे-समझे किसी भी नेता या यूट्यूबर के बयानों का हिस्सा न बनें.
