मथुरा के कोसीकलां में ज्वैलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जिनके पास से 7 किलो सोना और 11 लाख नकद बरामद किया गया.
उत्तर प्रदेश के मथुरा में कोसीकलां के सर्राफा बाजार स्थित जुगल किशोर ज्वैलर्स में हुई लगभग 12 करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा करने का पुलिस ने दावा किया है. पुलिस ने वारदात के लगभग 24 घंटे के अंदर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें 2 पुरुष आरोपी और 2 महिला भी शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से करीब 7.05 किलोग्राम सोने के आभूषण/सोना और लगभग 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं.
100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
पुलिस के मुताबिक चोरी की घटना 13 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे से 14 सितंबर की सुबह 10 बजे के बीच हुई. चोर दुकान में घुसे और लॉकरों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये कीमत का सोना और नकदी लेकर फरार हो गए. इस घटना के बाद पुलिस ने कई टीमें गठित कर जांच शुरू की थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. बताया जा रहा है कि 100 से ज्यादा कैमरों की फुटेज की जांच के बाद संदिग्धों की पहचान की गई. जिसके बाद पुलिस ने उनके आने-जाने के रास्ते और गतिविधियों की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई.
पूर्व कर्मचारी भी चोरी में शामिल
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान 27 साल के विष्णु उर्फ पप्पू सोनी, निवासी रामनगर कोसीकलां के रूप में की गई है. वहीं दूसरे आरोपी की पहचान 22 साल के मोहन सोनी, निवासी रामनगर कोसीकलां के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक विष्णु पूर्व में जुगल किशोर ज्वैलर्स में कर्मचारी रह चुका है और उसी पर वारदात का मास्टरमाइंड होने का आरोप है.
दोपहर में गिरफ्तार किए आरोपी
पुलिस ने इन सभी चारों आरोपियों को 15 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे गोपालबाग से गिरफ्तार किया है. उनके पास से सोने और नकदी के अलावा लॉकर की चाबी, गैस कटर, वायर कटर, वारदात के समय पहने गए कपड़े और अन्य सामान भी बरामद किया गया है. इस कार्रवाई में मथुरा पुलिस के साथ एसटीएफ आगरा, एसओजी और थाना कोसीकलां पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही.
