मऊगंज में एक अस्पताल खेतों के बीच बना हुआ है. ग्रामीणों के आरोप है कि इस अस्पताल से 100 मीटर दूर ही पक्की सड़क ख़त्म हो जाती है, जिससे खेतों से होते हुए यहाँ तक पहुंचाना पड़ता है. ग्रामीणों ने अस्पताल के स्टाफ पर भी आरोप लगाए हैं.
मध्य प्रदेश के मऊगंज से एक अनोखा अस्पताल होने के मामला सामने आया है. मऊगंज में मौजूद इस अस्पताल की बिल्डिंग खेतों के बीच में है. यहां आने जाने के लिए कोई सड़क नहीं, मेड़ पर चलते हुए जाना होता है. खासतौर पर बरसात के दिनों में यह मेड़ भी पानी से भर जाता है. ऐसे में एंबुलेंस तो दूर, लोग पैदल चलकर भी नहीं जा पाते. इस समय इस अस्पताल के चारों ओर धान की फसल खड़ी है. ऐसे में अस्पताल का गेट भी बाहर की ओर नहीं खुल पाता.
खेतों के बीच बना अस्पताल
जानकारी के मुताबिक़ यह अस्पताल ग्राम पंचायत पूर्वा में है. सरकार ने लोकल ग्रामीणों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर के नाम से अस्पताल बनाया था. लेकिन अस्पताल तक पहुंचने के लिए पक्का रास्ता ना होने की वजह से मरीज तो दूर, अस्पताल का स्टॉफ भी मुश्किल से पहुंच पाता है. मुख्य सड़क से करीब 100 मीटर दूर धान के खेतों के बीच बने इस स्वास्थ्य केंद्र तक एंबुलेंस तो किसी हाल में नहीं पहुंचती.
हमें नहीं है जानकारी…
जानकारी के मुताबिक़ रीवा संभाग के क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. जीएस परिहार से इस अस्पताल के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें तो इसकी जानकारी ही नहीं. मीडिया ने जब उन्हें हकीकत से अवगत कराया तो उन्होंने इसकी जांच कराने की बात कही है. वहीं ग्रामीणों का कहना है कि इस अस्पताल का शुभारंभ बड़े जोर-शोर से हुआ था. दावा किया गया था कि मरीजों को सामान्य बीमारी की दशा में शहर जाने की जरूरत नहीं होगी.
हफ़्ते में 3 दिन आता स्टाफ
अब इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अस्पताल को खुद इलाज की दरकार है. यहां डॉक्टर और स्टॉफ की तैनाती तो है, लेकिन यह स्टॉफ हफ्ते में केवल तीन दिन ही आता है. इन तीनों में भी बारिश हो जाए तो अस्पताल की छुट्टी हो जाती है.
ग्रामीणों ने लगाए डॉक्टरों पर आरोप
अस्पताल की बदहाली पर ग्रामीणों ने परेशानी जाहिर की है. ग्रामीणों का कहना है कि यहां स्वास्थ्यकर्मी सप्ताह में केवल तीन दिन आते हैं. उनके आने और जाने का भी कोई समय नहीं होता. खासकर बारिश के मौसम में तो यह अस्पताल बंद ही रहता है. हालांकि मामला सामने आने के बाद अब अधिकारियों ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है.
