मेरठ के उद्योगपति के घर करोड़ों की चोरी का खुलासा हो गया है. बताया जा रहा है कि यह वारदात उनकी ही नौकरानी ने मालकिन को नशीली चाय पिलाकर की थी. फ़िलहाल पुलिस ने आरोपी और उसके बॉयफ्रेंड को कानपुर से गिरफ्तार किया है
उत्तर प्रदेश में मेरठ के प्रसिद्ध व्यापारी आशुतोष भल्ला की कोठी में करोड़ों की चोरी का खुलासा हुआ है. जानकारी के मुताबिक़ इस वारदात को और ने नहीं, बल्कि उनकी ही नौकरानी ने अंजाम दिया था. उसने आशुतोष की मां को नशीली चाय पिलाकर तिजोरी में से करोड़ों की नगदी और जेवर समेट लिए. इसके बाद पीछे के दरवाजे से निकलकर बेगमपुल पहुंची. वहां से बस में सवार होकर सीधे कानपुर में रहने वाले बॉयफ्रेंड के घर पहुंच गई. पुलिस भी उसका पीछा करते हुए कानपुर पहुंच गई और दोनों दबोच लिया है.
चाय में मिलाई नशीली दवा
जानकारी के मुताबिक उद्योगपति आशुतोष भल्ला यहां मेरठ के डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं. उनका स्पोर्ट्स का बड़ा कारोबार है. उनकी कोठी में कुल 8 नौकर और सिक्योरिटी गार्ड हैं. बावजूद इसके सोमवार की दोपहर उनके घर में करोड़ों की चोरी हो गई थी. पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि जलपाईगुड़ी पश्चिम बंगाल की रहने वाली उनकी नौकरानी रोशनी ने चाय में नशीली दवा मिलकर उनकी मां को पिलाया और तिजोरी में रखी नगदी और जेवर समेट कर फरार हो गई.
100 से ज्यादा कैमरों की हुई जांच
आपको बता दें कि रोशनी ने वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने की भी बहुत कोशिश की. वह आशुतोष भल्ला की कोठी में पिछले दरवाजे से निकली और ऑटो में बैठकर बेगमपुल पहुंची. जानकारी के मुताबिक़ फिर ट्रेन की बजाय वह बस में बैठकर कानपुर में रहने वाले अपने बॉयफ्रेंड के घर पहुंच गई. इधर, सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाल डाले. इनमें से कई कैमरों में वह टैस हुई. इसके बाद पुलिस भी उसका पीछा करते हुए कानपुर पहुंच गई.
दोनों के पास से नहीं मिले ज़ेवर
पुलिस के मुताबिक कानपुर में दबिश देकर रोशनी और उसके बॉयफ्रेंड को अरेस्ट कर लिया है. हालांकि इस दौरान उनके पास से नगदी जेवर नहीं मिले हैं. आशंका है कि दोनों ने मिलकर चोरी का माल छिपा दिया है. फिलहाल पुलिस माल की बरामदगी के लिए दोनों से पूछताछ कर रही है. पुलिस की पूछताछ में दोनों अभी भी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस के इनके रिश्तेदार और जानकारों के घर भी छापेमारी कर रही है.
कुक से की थी पूछताछ
पुलिस के मुताबिक वारदात की सूचना मिलने पर आशुतोष भल्ला के घर पहुंची टीम ने वहां मौजूद सभी कर्मचारियों से पूछताछ की. चूंकि यह वारदात आशुतोष भल्ला की मां को बेहोश कर अंजाम दिया गया था, इसलिए पुलिस ने उनके कुक से पूछताछ की. उसने बताया कि नौकरानी रोशनी ने अपने हाथों चाय बनाकर उन्हें दिया था. पूछने पर पता चला कि रोशनी घर में मौजूद नहीं है. ऐसे में पुलिस ने सीसीटीवी खंगालने शुरू किए और कानपुर से उसे अरेस्ट किया है.
