मेरठ में मस्जिद के बाद लोगों ने हनुमान चालीसा पढ़ने का ऐलान कर दिया इसके बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट पर आ गया. पुलिस ने मस्जिद के बाहर और आस पास के इलाके में सुरक्षा और निगरानी को बढ़ा दिया है. फ़िलहाल स्थिति नियंत्रण में है.
उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है. केसरगंज स्थित एक मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने की घोषणा के बाद मंगलवार को पुलिस ने मस्जिद और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी. जानकारी के मुताबिक़ मस्जिद की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस तैनात की गई और कुछ रास्तों को बंद भी किया गया है. पुलिस ने एहतियात के तौर पर हिंदू संगठन से जुड़े कुछ नेताओं को हाउस अरेस्ट किया. इनमें हिंदूवादी नेता प्रिंस चौधरी भी शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है.
मस्जिद के आस पास बढ़ी निगरानी और सुरक्षा
जानकारी के मुताबिक़ हनुमान चालीसा पढ़ने की घोषणा के बाद पुलिस ने केसरगंज इलाके में निगरानी और सुरक्षा बढ़ा दी है. किसी तरह की भीड़ जमा न हो, इसके लिए मस्जिद की तरफ आने-जाने वाले रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई. एसपी सिटी विनायक भोसले ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से भी पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने और किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की.
सिर्फ़ मौलाना को मिली नमाज़ की अनुमति
आपको बता दे कि पुलिस प्रशासन ने मस्जिद में नमाज को लेकर भी एहतियाती व्यवस्था की है. मंगलवार को मस्जिद में केवल मौलाना और उनके परिवार के सदस्यों को नमाज पढ़ने की परमिशन दी गई. पुलिस की कोशिश थी कि मस्जिद के बाहर किसी तरह की भीड़ या नारेबाजी की स्थिति न बने. पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात रखा गया.
