मुरादाबाद में तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे खड़े ठेले में टक्कर मार दी. इस दौरान 6 बच्चे वाहन की चपेट में आ गए. हादसे में 2 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 4 घायल हो गए. पुलिस ने घटना के बाद आरोपी और पिकअप को हिरासत में ले लिया है.
मुरादाबाद में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. यहां बोलेरो पिकअप ने सड़क किनारे खड़े पकौड़ी के ठेले में जोरदार टक्कर मार दी. इस दौरान ठेले के पास खेल रहे कई बच्चे उसकी चपेट में आ गए. हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए. जानकारी के मुताबिक़ घायलों में एक महिला भी शामिल है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
ठेले में मारी टक्कर
आपको बता दें कि यह दर्दनाक हादसा मुंढापांडे थाना क्षेत्र के मुड़िया भाईपुर गांव में हुआ. बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप दूसरी दिशा से आ रही थी. इसी दौरान चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े पकौड़ी के ठेले में जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी. टक्कर के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार शुरू हो गई.
2 बच्चों की हो गई मौत
हादसे की सूचना मिलते ही मुंढापांडे थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने बच्चों का इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल दो बच्चों की मौत हो गई. इस हादसे में अन्य बच्चे भी घायल हुए हैं. उनके अलावा एक महिला को भी चोटें आई हैं. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. महिला समेत कुछ घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. इसके साथ ही दो बच्चियों का भी इलाज किया जा रहा है.
चालक को हिरासत में लिया
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने घटना में जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. ग्रामीणों के सहयोग से बोलेरो और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
