मुरादाबाद में पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच में मुठभेड़ हुई. इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी. पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले में लगा तार करवाई की जा रही है.
मुरादाबाद के थाना भोजपुर इलाके में पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ हुई है. इस दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है. एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि बीती 23 तारीख को भोजपुर थाना इलाके के मक्खनगंज गांव के पास गोकशी की घटना सामने आई थी. पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर जांच के लिए स्पेशल टीमों का गठन किया था.
बाइक सवार ने शुरू की फायरिंग
इसी कड़ी में रात में पुलिस की ओर से पीपलसाना इलाके के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो संदिग्ध व्यक्ति आ रहे थे, जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया था. तो बाइक सवारों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी.
आरोपी के पैर में लगी गोली
इस घटना के बाद पुलिस ने भी जवाबी करवाई की. पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक आरोपी दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया है. इसके अलावा दूसरे आरोपी को पुलिस बल ने घेराबंदी करके मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था. पूछताछ के दौरान घायल आरोपी ने स्वीकार किया कि 23 तारीख को हुई गोकशी की वारदात उन्हीं के द्वारा अंजाम दी गई थी. पुलिस ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
आपराधिक इतिहास भी निकाला
एसपी देहात ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इकरार और अनवर के रूप में हुई है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी इकरार के खिलाफ कई धाराओं में 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. जबकि अनवर के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं. पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से एक बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाली चीजें बरामद की हैं.
