MP Registry Scheme: मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के पट्टा धारकों के लिए मुफ्त रजिस्ट्री योजना का ऐलान किया है. इसके तहत स्टाम्प शुल्क का खर्च राज्य सरकार उठाएगी. धनतेरस के दिन जनप्रतिनिधि खुद गांवों में पहुंचकर रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी कराएंगे.

MP Registry Scheme: मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है. अब पात्र भू-स्वामियों को अपनी जमीन या मकान की पक्की रजिस्ट्री कराने के लिए स्टाम्प शुल्क नहीं देना होगा. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की है कि पट्टे वाले मकानों और प्लॉट्स की रजिस्ट्री का पूरा खर्च राज्य सरकार खुद उठाएगी. इस ‘मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना’ का मुख्य उद्देश्य गरीब और ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का असली मालिकाना हक दिलाना है.
12 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रियां हुईं पूरी
मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में इस योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 1 नवंबर 2026 तक प्रदेश में 12 लाख 87 हजार से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी की जा चुकी हैं. सरकार का लक्ष्य है कि आने वाली 15 नवंबर तक यह संख्या 20 लाख के पार पहुंचाई जाए. इसके लिए पूरे प्रदेश में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.
किसे मिलेगा इस योजना का फायदा?
इस योजना का लाभ मध्य प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के उन निवासियों को मिलेगा, जिनके पास अपनी जमीन या मकान का पट्टा मौजूद है, लेकिन पक्की रजिस्ट्री नहीं हुई है. सरकार ऐसे सभी पात्र लोगों का रजिस्ट्रेशन अपने खजाने के पैसे से कराएगी. संपत्ति की रजिस्ट्री भू-स्वामी के नाम पर ही होगी, लेकिन स्टाम्प ड्यूटी का एक भी रुपया उन्हें अपनी जेब से खर्च नहीं करना पड़ेगा.
बैंकों से आसानी से मिल सकेगा लोन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पक्के कागजात होने से लोगों को अपनी संपत्ति का असली अधिकार मिलता है. इससे वे जरूरत पड़ने पर अपनी जमीन या मकान को बेच सकते हैं. इसके अलावा पक्की रजिस्ट्री की मदद से बैंकों से बिजनेस, पढ़ाई या घर के कामों के लिए लोन लेना भी बेहद आसान हो जाएगा. यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मददगार साबित होगी.
धनतेरस के दिन गांवों में पहुंचेंगे जनप्रतिनिधि
आगामी 6 नवंबर यानी धनतेरस के पावन अवसर पर प्रदेश के सभी मंत्री, सांसद और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों में जाएंगे. जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पात्र लोगों की रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी. जिन गांवों में शत-प्रतिशत रजिस्ट्री का काम पूरा हो जाएगा, वहां जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को दस्तावेज सौंपे जाएंगे.
अभियान को और तेज करने के दिए निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम करें. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस योजना को एक बड़े अभियान की तरह चलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति छूटे नहीं. सरकार का कहना है कि आने वाले समय में इस योजना को ‘युवा वर्ष’ के कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाएगा.
