मुंबई पुणे एक्सप्रेसवे पर 24 घंटे से ज्यादा समय से भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ है. इसको क्लियर करने के लिए प्रशासन लगातार कोशिश कर रहा है. मौके पर NDRF और BPCL के साथ कई राहत टीमें काम कर रही हैं.
24 घंटे से ज्यादा समय से ट्रैफिक जाम
मुंबई पुणे एक्सप्रेसवे पर भारी ट्रैफिक जाम लगा है. 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी अभी तक ट्रैफिक की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है. जानकारी के मुताबिक खंडाला घाट के पास आडोशी सुंरग के पास में केमिकल से भरा एक गैस टैंकर मंगलवार को मुंबई की तरफ जाने वाली लेन में पलट गया था. जिसके बाद में टैंकर से गैस रिसाव शुरू हो गया था. इस हादसे के बाद में पूरे इलाके में खतरे की स्थिति बन गई थी.
20-22 किमी तक गाड़ियों का कतार
एक्सप्रेसवे पर इस हादसे के बाद में मुंबई की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को पूरी तरह से बंद कर दिया गया. जिसके बाद इसका असर चारों तरफ देखने को मिल रहा है. इस दौरान लगभग 20 से 22 किमी तक गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. जानकारी के मुताबिक कई लोग सुबह के करीब 4 बजे से एक्सप्रेसवे पर अटके हुए हैं. इस ट्रैफिक जाम के चलते कई लोगों की फ्लाइट भी छूट गई है.
लोग कर रहे परेशानियों का सामना
इस ट्रैफिक जाम के चलते पानी और भोजन की व्यवस्था न होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जाम में फंसे लोगों का कहना है कि प्रशासन को तुरंत ही ठोस कदम उठाना चाहिए और जल्दी ही ट्रैफिक को खुलवाना चाहिए. महामार्ग पुलिस के अधिकारी तानाजी चीखले ने बताया कि गैस टैंकर से होने वाले रिसाव को देखते हुए मुंबई की लेन को सुरक्षा के कारण बंद किया गया है.
कई राहत टीमें कर रही काम
जानकारी के मुताबिक मौके पर NDRF और BPCL के साथ कई राहत टीमें काम कर रही हैं. प्रशासन का कहना है कि आज दोपहर लगभग 2 बजे तक इसी तरह के हालात बने रहने की संभावना है. जाम में फंसे वाहन चालकों से प्रशासन ने अपील की है कि वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें. प्रशासन ने कहा है कि जब तक गैस लीकेज पूरी तरह से बंद नहीं हो जाता है, तब तक यातायात में रुकावट बनी रहने की उम्मीद है.
देर रात तक हालात हो सकते सामान्य
आपको बता दें कि मुंबई पुणे एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक को क्लियर करने की प्रक्रिया लगातार जारी है. प्रशासन के मुताबिक इस रूट पर अब वाहनों के निकलने के लिए 2 लेन खोल दी गई हैं, वहीं 1 लेन अभी भी बंद है. इस रूट पर यातायात शुरू हो गया है, लेकिन इसके बाद भी कई किमी तक गाड़ियों की कतारें दिख रही हैं. प्रशासन अधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक को सामान्य होने में देर रात तक का समय लगने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भारी ट्रैफिक जाम! 8 घंटे जाम में फंसे रहे बिजनेसमैन, हेलिकॉप्टर से किया गया एयरलिफ्ट
