Mustafizur Rahman IPL: बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर को मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से पहले रिलीज करना होगा, जिससे 9.20 करोड़ रुपये के भुगतान को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
Mustafizur Rahman IPL: बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को लेकर आईपीएल में बड़ा फैसला सामने आया है. भारत और बांग्लादेश के बीच खराब होते राजनीतिक हालात और विवादों के बीच बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश दिया है कि वह मुस्ताफिजुर को आईपीएल शुरू होने से पहले टीम से रिलीज करे. केकेआर ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या फ्रेंचाइजी को यह पूरी रकम चुकानी पड़ेगी या नहीं.
आईपीएल में किसी भी खिलाड़ी को खरीदने के बाद फ्रेंचाइजी और खिलाड़ी के बीच एक अनुबंध होता है. इस अनुबंध में साफ लिखा होता है कि खिलाड़ी कब और किन हालात में भुगतान पाने का हकदार होगा. अगर कोई खिलाड़ी खुद को टूर्नामेंट के लिए अनुपलब्ध घोषित कर देता है और एक भी मैच नहीं खेलता, तो आमतौर पर उसे कोई पैसा नहीं दिया जाता. इसी तरह अगर कोई खिलाड़ी चोट के कारण बिना खेले बाहर हो जाता है, तब भी भुगतान नहीं होता है.
9.20 करोड़ रुपये को लेकर चर्चा

हालांकि मामला तब बदल जाता है जब खिलाड़ी खेलने के लिए पूरी तरह उपलब्ध हो, लेकिन फ्रेंचाइजी खुद उसे टीम से रिलीज कर दे. ऐसे हालात में खिलाड़ी को भुगतान करने का नियम लागू हो सकता है. मुस्ताफिजुर के मामले में भी यही स्थिति बनती नजर आ रही है, क्योंकि वह आईपीएल खेलने को तैयार हैं, लेकिन बीसीसीआई के निर्देश के चलते केकेआर को उन्हें रिलीज करना पड़ रहा है. इस वजह से 9.20 करोड़ रुपये को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
आईपीएल के नियमों में यह भी व्यवस्था है कि कई बार फ्रेंचाइजी और खिलाड़ी आपसी सहमति से अनुबंध खत्म कर सकते हैं. ऐसे मामलों में दोनों पक्ष बैठकर फैसला लेते हैं कि भुगतान किया जाए या नहीं, पहले भी कई बार इस तरह के समझौते देखने को मिले हैं, जिससे विवाद से बचा जा सके. माना जा रहा है कि केकेआर और मुस्ताफिजुर के बीच भी इसी तरह का कोई रास्ता निकल सकता है.
बीसीसीआई ने यह भी साफ किया है कि केकेआर को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी लेने की पूरी छूट होगी. बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, लेकिन टीम संतुलन बनाए रखने के लिए केकेआर किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल कर सकती है. अब देखना होगा कि केकेआर इस मामले को किस तरह सुलझाती है और क्या मुस्ताफिजुर को पूरी रकम मिलती है या नहीं.
