मुजफ्फरनगर में 9 साल के बच्चे का अपहरण कर लिया गया. इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक 28 अक्टूबर से लापता बच्चे का शव दिल्ली-देहरादून हाईवे-58 के पास ईख के खेत में मिला.
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जिले में 9 वर्षीय बच्चे की अपहरण के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई है.मृतक की पहचान के अमन के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक़ 28 अक्टूबर की शाम से लापता मासूम का शव शुक्रवार को दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 के पास स्थित ईख के खेत से बरामद हुआ है.
नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. इसके बाद शिकायत दर्ज की और मृतक मासूम के परिवार से ही एक 16 वर्षीय नाबालिग आरोपी अरमान को हिरासत में लिया. जानकारी के मुताबिक़ आरोपी रिश्ते में मृतक का चचेरा भाई लगता है. जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हत्या करने का जुर्म काबुल कर लिया.
बदला लेने के लिए की हत्या
मृतक के चाचा गुलशेर का आरोप है कि हत्यारा अरमान उनके परिवार से ही है. उसने 18 अक्टूबर को हरियाणा में उस दुकान पर चोरी की थी, जिसमें वो काम करता था. इस घटना के बाद गुलशेर ने अरमान को पड़कर दुकान मालिक के हवाले कर दिया था. बताया जा रहा है कि इस दौरान गुलशेर ने अरमान की पिटाई भी की थी. हालांकि, गुलशेर ने बाद में उसे अपनी जिम्मेदारी पर छुड़वा दिया था और किराये के लिए 500 रुपये भी दिए थे, लेकिन पिटाई का बदला लेने के लिए उसने मुजफ्फरनगर में गुलशेर के मासूम भतीजे की अपहरण के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर ईख के खेत से मासूम का शव बरामद कर लिया है. मामले को लेकर एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाड़िक ने बताया कि 29 अक्टूबर को थाना रतनपुरी को सूचना मिली गांव सठेड़ी से 9 साल का बच्चा अमन गायब है. इस घटना संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया गया था. दो से तीन टीमों का गठन किया गया था.
संदिग्ध से हो रही पूछताछ
एसपी ग्रामीण ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही थी. मृतक के चाचा गुलशेर को अरमान पर शक था तो उसको भी हिरासत में लिया गया और कड़ाई से पूछताछ की गई. उसने हत्या की बात कुबूल कर ली. उसकी निशानदेही पर 30 अक्टूबर को 24 घंटे के अंदर बच्चे का शव बरामद कर लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो मृतक के चाचा के साथ हरियाणा में नौकरी करता था.
