मुजफ्फरपुर में एक युवक घर वालों की डांट से नाराज होकर चला गया. जिसके बाद उसका शव बरामद दुआ है. पुलिस ने शव को कब में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
बिहार में मुजफ्फरपुर जिले से दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां मुशहरी थाना क्षेत्र के राजवाड़ा डीह स्थित बूढ़ी गंडक नदी से रविवार को एक 22 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान कांटी थाना क्षेत्र के सादातपुर गांव निवासी आयुष चंद्र के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है.
बहस के बाद छोड़ा घर
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 23 अक्टूबर की रात पिता ने आयुष को देर रात तक मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर डांट-फटकार लगाई थी. इस बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच बहस भी हुई थी. इसी बात से नाराज होकर अगले दिन 24 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे युवक घर से निकला और बूढ़ी गंडक नदी में छलांग लगा दी.
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के मुताबिक़ रविवार की सुबह जब एक ग्रामीण नदी की ओर गया, तो उसने पानी में एक शव को बहते देखा. इसके बाद उसने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद फिर ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सूचित किया गया. सूचना मिलते ही मुशहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया. काफी समय तक पानी में रहने के कारण शव फूल चुका था, जिससे शुरुआती पहचान में कुछ कठिनाई हुई, लेकिन बाद में कपड़ों और अन्य माध्यमों से उसकी शिनाख्त आयुष चंद्र के रूप में हुई.
पुलिस कर रही ही मामले की जांच
पूरे मामले को लेकर एसडीपीओ पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि राजवाड़ा ढाब के पास गंडक नदी से एक युवक का शव बरामद किया गया है, जिसकी पहचान हो चुकी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है. पुलिस इस मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों ही बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहराई से छानबीन कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस की जांच आगे बढ़ने के बाद ही मौत के असली कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा. फ़िलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.
