नागपुर में MHADA परिसर में निर्माण कार्य के दौरान करीब 100 फीट से क्रेन का ऊपरी हिस्सा टूटकर गिर गया. इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई. इसके अलावा दो अन्य मजदूर घायल भी हुए हैं. फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है.
नागपुर के गणेशपेठ इलाके में MHADA परिसर में टेक्सटाइल पार्क और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा हुआ है. जानकारी के मुताबिक़ यहाँ क्रेन गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई है. मृतकों की पहचान विश्वनाथ कटारे और मुकेश निषाद के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक इनके अलावा दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. बताया जा रहा है कि MHADA साइट पर टेक्सटाइल पार्क और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए दो क्रेनें काम कर रही थीं.
काम रही थी क्रेनें
काम कर रही क्रेनों में से एक क्रेन का ऊपरी हिस्सा टूटकर गिर गया और पास ही मौजूद दूसरी क्रेन से जा टकराया. शुरुआत में खबर आई थी कि इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं. लेकिन बाद में पुष्टि हुई कि उनमें से दो लोगों की मौत हो चुकी है. जानकारी के मुताबिक़ MHADA इलाके में टेक्सटाइल पार्क और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण का ठेका ‘बी.जी. शिर्के कंस्ट्रक्शन कंपनी’ को दिया गया था.
डीसीपी ने मामले में दी जानकारी
बताया जा रहा है कि यह हादसा तब हुआ जब एक क्रेन का ऊपरी हिस्सा टूटकर लगभग 100 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया. क्रेन का टूटा हुआ हिस्सा दूसरी क्रेन के महज 30 फीट दूर स्थित मुख्य सड़क पर नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. पुलिस उपायुक्त जोन 2 राहुल मदने ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना उस समय हुई जब एक क्रेन काम कर रही थी, जिसके चलते दो लोगों की मौत हो गई.
यूपी और झारखण्ड के निवासी हैं मजदूर
राहुल मदने ने बताया कि क्रेन क्यों गिरी, यह पता लगाने के लिए हम संबंधित मैकेनिकल विभाग के अधिकारियों से सलाह लेंगे. मृतकों में से विश्वनाथ कटारे, भंडारा और मुकेश निषाद, उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे. बताया जा रहा है कि कि घटना के समय दोनों मृतक ढांचे (स्ट्रक्चर) के ऊपर मौजूद थे. वहीं इस घटना में दो अन्य घायल मजदूर झारखंड के रहने वाले हैं.
