नालंदा में युवक ने पत्नी के मायके से न लौटने के विवाद में वीडियो कॉल के दौरान आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद पत्नी ने ग्रामीणों को सूचना दी. जिसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दोनों के बीच में ससुराल लौटने को लेकर विवाद चल रहा था.
बिहार के नालंदा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां दीपावली पर पत्नी के मायके से नहीं लौटने की बात को लेकर परेशान युवक ने वीडियो कॉल के दौरान आत्महत्या कर ली. पति की हालत देखकर पत्नी घबरा गई और उसने तत्काल गांव के लोगों को फोन कर सूचना दी. सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने घर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा और युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी.
2 साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना नालंदा थाना क्षेत्र के रंगीला बिगहा गांव की है. मृतक की पहचान विक्रम कुमार (22) के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि विक्रम ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. विक्रम की शादी करीब दो साल पहले नवादा जिले के रजौली की रहने वाली प्रीति कुमारी से हुई थी. दोनों का एक साल का बच्चा भी है.
मायके गई थी पत्नी
आपको बता दें कि करीब 15 दिन पहले प्रीति अपने मायके चली गई थी. दीपावली और छठ का त्योहार नजदीक आने पर विक्रम पत्नी को घर लौटने के लिए कह रहा था. वह चाहता था कि पत्नी और उसका बच्चा घर रहकर उसके साथ रहकर त्योहार मनाएं. बताया जा रहा है कि पत्नी ने दीपावली पर ससुराल आने से इनकार कर दिया था. इस दौरान उसने करीब दो महीने बाद लौटने की बात कही थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से फोन पर विवाद चल रहा था.
वीडियो कॉल पर की आत्महत्या
शनिवार शाम को वह पत्नी से वीडियो कॉल पर बातचीत करने लगा. बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान उसने आत्महत्या कर ली. पति की हालत देखकर पत्नी घबरा गई और उसने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने पर गांव के लोग विक्रम के घर पहुंचे. कमरे का दरवाजा बंद होने पर उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया और युवक को नीचे उतारा. इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
नालंदा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया है. उसमें घटना से पहले का एक वीडियो भी मिला है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
