Nirmala Sitharaman Rahul Gandhi Tata: टाटा मामले को लेकर राहुल गांधी द्वारा सरकार पर उठाए गए सवालों पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तीखा पलटवार किया है. उन्होंने राहुल गांधी पर हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने और उद्योगपतियों में नकारात्मकता फैलाने का आरोप लगाया है.

Nirmala Sitharaman Rahul Gandhi Tata: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने देश की सियासत में नया भूचाल ला दिया है. टाटा मामले को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला था. उनके इस बयान पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी पलटवार किया है. सीतारमण ने साफ कहा है कि विपक्ष के नेता को हर मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए. इस बयानबाजी के बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं.
राहुल गांधी का तीखा हमला
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि टाटा को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा है. राहुल ने सवाल उठाया कि देश का कोई भी उद्यमी इस मामले पर एक शब्द बोलने की हिम्मत क्यों नहीं कर रहा है. उन्होंने कहा कि भारत का कारोबार किसी के खेलने की चीज नहीं है. राहुल ने दावा किया कि वे इस मामले में पूरा न्याय सुनिश्चित करेंगे.
वित्त मंत्री का कड़ा जवाब
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी के पोस्ट का जवाब देते हुए एक्स पर लिखा कि व्यावसायिक मामलों को बिना सोचे-समझे आपराधिक बताना गलत है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता बार-बार देश के उद्योगपतियों और उद्यमियों की सफलताओं की निंदा करते हैं. सीतारमण ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अब देश के कारोबारियों को नकारात्मकता फैलाने के लिए उकसा रहे हैं.
लाइसेंस-राज का पुराना दौर
निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पार्टी के पुराने इतिहास पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि दशकों तक कांग्रेस के ‘लाइसेंस-कोटा राज’ ने भारतीय उद्यमियों के हौसले को तोड़ा था. उस दौर की गलत नीतियों की वजह से ही देश के करोड़ों लोगों पर गरीबी थोपी गई थी. वित्त मंत्री ने कहा कि आज की सरकार उद्यमियों को दबाने के बजाय उन्हें आगे बढ़ाने का पूरा मौका दे रही है.
मोदी सरकार की नीतियां
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है. सरकार भारतीय उद्योग को रोजगार देने वाला और आर्थिक विकास का मुख्य जरिया मानती है. हमारी नीतियां कारोबार को आसान बनाने और निवेशकों को प्रोत्साहित करने वाली हैं. देश के किसानों और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है.
न्यायपालिका पर भरोसा रखें
सीतारमण ने राहुल गांधी को सलाह दी कि वे हर जगह बेवजह की साजिशें देखना बंद कर दें. उन्होंने कहा कि देश का संविधान सभी नागरिकों को न्याय दिलाता है और हमारी न्यायपालिका अपना काम पूरी ईमानदारी से करती है. इतिहास गवाह है कि कांग्रेस ने किस तरह न्यायपालिका का अपमान किया था. इसलिए राजनीतिक स्वार्थ के लिए बेबुनियाद आरोप लगाने से बचना चाहिए.
