नोएडा भूखंड घोटाले मामले को लेकर राज्य के सबसे वरिष्ठ PCS अधिकारी हरीश चंद्र को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. बताए जा रहा है की उन्होंने नोएडा प्राधिकरण सचिव होने के दौरान जमीनों को गलत तरीके से लीजबैक किया था.
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ के तहत कार्रवाई कर रही है. अब सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के सबसे वरिष्ठ 1997 बैच के PCS अधिकारी हरीश चंद्र को सेवा से बर्खास्त कर दिया है. आपको बता दें कि प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक (IAS) एम. देवराज ने उनकी बर्खास्तगी का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है. बर्खास्तगी से पहले हरीश चंद्र कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में उत्तर प्रदेश खाद्य एवं रसद विभाग के स्थानिक प्रतिनिधि के पद पर तैनात थे.
ज़मीन को किया था लीजबैक
आपको बता दे यह मामला साल 2011 का है, जब हरीश चंद्र नोएडा विकास प्राधिकरण में सचिव पद पर तैनात थे. जांच में पाया गया कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा किया. जानकारी के मुताबिक़ सेक्टर- 140 A, 141, 142 और 143 के तहत आने वाली लगभग 3,81,527 वर्ग मीटर अधिग्रहित भूमि को गलत तरीके से लीजबैक किया गया. लीजबैक का नियम सिर्फ स्थानीय पात्र किसानों के लिए (प्रति परिवार अधिकतम 450 वर्ग मीटर) था. बताया जा रहा है कि नियमों के विपरीत जाकर बाहरी लोगों और निजी कंपनियों को 15,000 वर्ग मीटर से बड़े भूखंड बाँट दिए गए, जिनकी बाजार कीमत 3800 करोड़ से 4000 करोड़ आंकी गई.
UPPSC से मंज़ूरी मिलने पर फैसला
आपको बता दे कि इस घोटाले को लेकर साल 2013 से ही उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई प्रक्रियाधीन थी. मामले की विस्तृत विभागीय जांच नोएडा प्राधिकरण की तत्कालीन सीईओ (IAS) रितु माहेश्वरी ने की थी, जिसमें हरीश चंद्र को दोषी पाया गया था. अब उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद शासन ने उन्हें बर्खास्त करने का फैसला किया है. आपको बता दे कि इसी गंभीर जांच के लंबित होने के कारण वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी का प्रमोशन कई सालों से रुका हुआ था.
