Noida model road project: गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा शहर की सड़कें की दशा सुधरने वाली है. नोएडा अथॉरिटी ने सभी वर्क सर्कल में मॉडल रोड बनाने की योजना बनाई है. सड़के हर सुविधाओं के साथ बनेंगी और टूटी सड़कों का भी कायाकल्प होगा. नोएडा अथॉरिटी ने शहर के सभी दस वर्क सर्कल में मॉडल रोड बनाने की योजना बनाई है. इसके लिए प्रत्येक सर्कल से दो-दो सड़कों की सूची मांगी गई है.
हर वर्क सर्कल में दो सड़कें
अधिकारियों ने शहर के दस वर्क सर्कल के वरिष्ठ प्रबंधकों से दो-दो सड़कों की लिस्ट मांगी है. इसके बाद हर सर्कल से एक सड़क को मॉडल रोड बनाने के लिए चुना जाएगा. नोएडा अथॉरिटी के जीएम एसपी सिंह के मुताबिक सूची मिलने के बाद संबंधित सड़कों सर्वे किया जाएगा और निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा.
जानें क्या होगी खासियतें
इन सड़कों पर न केवल डामरीकरण होगा, बल्कि फुटपाथ, बेहतर लाइटिंग, साइनेज, और सुव्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित किया जाएगा. मॉडल रोड बनने के बाद इन सड़कों पर कई सुधार किए जाएंगे. सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ चौड़ा किया जाएगा. छायादार पेड़ लगाए जाएंगे और खाली पड़ी जगह पर घास लगेगी. दिव्यांगों के लिए रैप जैसी सुविधाएं होंगी. ग्रीन बेल्ट, एलईडी लाइट्स, जेब्रा क्रॉसिंग जैसी सुविधाएं होंगी. बता दें कि शहर में पहले से ही सेक्टर-38, गोल्फ कोर्स से डिग्री कॉलेज तिराहे तक एक मॉडल रोड बनी हुई है. इसके अलावा सेक्टर-126 में आईटी कंपनियों के बीच एक किमी के हिस्से में नई मॉडल रोड बनाने की तैयारी चल रही है.
कब होगी पूरी योजना
इस सड़क के निर्माण पर लगभग 4 करोड़ 68 लाख रुपये का खर्चा आएगा. सड़क बनाने के लिए एजेंसी का चयन भी पूरा हो चुका है. टेंडर प्रक्रिया के तुरंत बाद निर्माण कार्य शुरू होगा, जिसका उद्देश्य अगले कुछ महीनों में शहर की कनेक्टिविटी को स्मूथ बनाना है. नोएडा अथॉरिटी का उद्देश्य शहर की सभी सड़कों को सुरक्षित, आकर्षक और सुविधाजनक बनाना है। इस प्रोजेक्ट से नागरिकों को बेहतर आवागमन और सुचारू यातायात व्यवस्था का लाभ मिलेगा.
ये भी पढ़ें: इन 4 लक्षणों को न करें नजरअंदाज, हो सकता है ओरल कैंसर का शुरुआती लक्षण
