Police Commissioner Laxmi Singh News: नोएडा में पुलिस कमिश्नर के ट्रांसफर की अटकलों पर विराम लग गया है. 28 नवंबर 2022 को पद संभालने वाली लक्ष्मी सिंह जल्द ही बतौर कमिश्नर 4 साल का बेमिसाल कार्यकाल पूरा करने जा रही हैं.

Police Commissioner Laxmi Singh News: उत्तर प्रदेश के पुलिस महकमे में पिछले कुछ समय से चर्चा थी कि गौतमबुद्धनगर को नया पुलिस कमिश्नर मिल सकता है. लेकिन अब इन अटकलों पर विराम लगता दिख रहा है. शासन के उच्च सूत्रों की मानें तो योगी सरकार फिलहाल नोएडा में कोई प्रशासनिक फेरबदल करने के मूड में बिल्कुल नहीं है. यानी जो अफसर महीनों से इस कुर्सी के लिए लाइन में लगे थे, उन्हें अभी और इंतजार करना होगा.
28 नवंबर को पूरे होंगे 4 साल, योगी सरकार का अटूट भरोसा
लक्ष्मी सिंह ने 28 नवंबर 2022 को गौतमबुद्धनगर की पहली महिला पुलिस कमिश्नर के रूप में पदभार संभाला था. जल्द ही बतौर कमिश्नर उनके 4 साल पूरे होने वाले हैं. कमिश्नरेट व्यवस्था में इतना लंबा और सफल कार्यकाल अपने आप में एक मिसाल है.
नोएडा सिर्फ एक जिला नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की ‘आर्थिक राजधानी’ और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों का केंद्र है. ऐसे संवेदनशील क्षेत्र की कमान किसी ऐसे अफसर के हाथ में ही रखी जा सकती है, जिस पर सरकार को 100% भरोसा हो. लक्ष्मी सिंह ने अपने काम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वो भरोसा पूरी तरह हासिल किया है.
कानून व्यवस्था फर्श से अर्श पर: लक्ष्मी सिंह की कार्यशैली की सबसे बड़ी खासियत रही है अपराध पर जीरो टॉलरेंस. उनके कार्यकाल में नोएडा पुलिस ने कई बड़े मुकाम हासिल किए:
माफिया और गैंगस्टरों पर चोट: 27 से ज्यादा संगठित गिरोहों का नेटवर्क ध्वस्त किया गया और अपराधियों की लगभग 39.3 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियां कुर्क की गईं.
450 करोड़ की ड्रग्स बरामद: ग्रेटर नोएडा में चल रहे अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में एमडीएमए जब्त की, जो पूरे प्रदेश में नशे के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक थी.
कॉर्पोरेट और जीएसटी फ्रॉड: अरबों रुपये के फर्जी जीएसटी इनवॉइस घोटाले को उजागर कर कई सफेदपोश अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा गया.
एसी कमरों की पुलिसिंग छोड़कर खुद सड़क पर उतरना
लक्ष्मी सिंह को सिर्फ एक प्रशासनिक अधिकारी के तौर पर नहीं, बल्कि एक एक्टिव पुलिसिंग लीडर के रूप में जाना जाता है. वे सिर्फ दफ्तर में बैठकर फाइलें साइन नहीं करतीं, बल्कि किसी भी बड़ी वारदात, हादसे या कानून व्यवस्था की स्थिति में खुद मौके पर पहुंचती हैं. थानों में आम जनता की सुनवाई न होने पर संबंधित थाना प्रभारियों पर उनका कड़ा एक्शन अधिकारियों के लिए एक साफ संदेश रहा है—लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी.
महिला सुरक्षा का मॉडल: आईपीएस परीक्षा में महिला टॉपर (33वीं रैंक) और राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित लक्ष्मी सिंह ने नोएडा में काम करने वाली हजारों महिलाओं के लिए सुरक्षा का मजबूत ढांचा तैयार किया. नाइट शिफ्ट में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों पर ‘पिंक बूथ’ स्थापित किए गए, जहां महिला पुलिसकर्मियों की चौबीसों घंटे तैनाती रहती है.
दावेदार लाइन में, पर कुर्सी पर लक्ष्मी सिंह का दबदबा कायम
आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक समीकरणों और 2027 के चुनाव की तैयारियों को देखते हुए सरकार किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती. नोएडा जैसे वीआईपी और आर्थिक केंद्र पर कानून व्यवस्था पर पकड़ बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है. ऐसे में जब तक लक्ष्मी सिंह खुद किसी अन्य पदभार के लिए आगे नहीं बढ़तीं, तब तक गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की कमान उन्हीं के हाथों में रहना तय माना जा रहा है.
