उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस मामले में लगातार जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर रही है.

राजधानी में खूनी खेल
राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया. जानकारी के मुताबिक केशव चौक के पास बदमाशों ने स्कूटी सवार युवक को निशाना बनाया और उसके ऊपर ताबड़तोड़ गोलियां दागना शुरू कर दिया. इस घटना में युवक की मौत हो गई.
रास्ते में रोककर फायरिंग
जानकारी के मुताबिक सोमवारकी रात युवक स्कूटी से शाहदरा की तरफ जा रहा था. इसी दौरान केशव चौक के पास में घात लगाए बदमाशों ने उसे रोका. वहां मौजूद लोगों के मुताबिक बदमाशों ने युवक के ऊपर काफी करीब से कई राउंड फायर किए, जिसके बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर गिर गया. गोली की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
अस्पताल में मृत घोषित
स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी तुरंत ही पुलिस को दी. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. मृतक की पहचान अमानुल्लाह के रूप में की गई है. पुलिस के मुताबिक यह मामला शुरुआती जांच में आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ लग रहा है. हालांकि अभी तक हत्या के पीछे की सटीक वजह सामने नहीं आ पाई है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस को मौके से कई खोखे मिले हैं, जिन्हें भी फॉरेंसिक टीम के पास में जांच के लिए भेजा गया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
यह भी पढे़ं- लोगों ने समझा बच्चा चोर! नवजात के कान में अजान पढ़ रहा था युवक; पुलिस ने किया सच्चाई का खुलासा
