Fog and rain alert in North india: उत्तर भारत में रिकॉर्ड तोड़ ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन मुश्किल बना दिया है, दिल्ली समेत कई राज्यों में शीत लहर का प्रकोप जारी है. IMD के अनुसार 16 जनवरी के बाद मौसम में बदलाव शुरू होगा, लेकिन कोहरा और ठंड से तुरंत राहत नहीं मिलेगी.

Fog and rain alert in North india: उत्तर भारत में सर्दी इस समय अपने सबसे खतरनाक दौर में पहुंच चुकी है. दिल्ली इसकी सबसे बड़ी मिसाल बनकर सामने आई है. 15 जनवरी की सुबह राजधानी में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. पालम इलाके में पारा 2.3 डिग्री तक गिर गया है. यह बीते कई सालों में सबसे ठंडी सुबह मानी जा रही है. बर्फीली हवाओं की वजह से सुबह घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. लोग पूरी तरह ठिठुरते नजर आए है.
ठंड के साथ-साथ घना कोहरा भी परेशानी बढ़ा रहा है. दिल्ली के कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम रही है. पालम में सुबह दृश्यता सिर्फ 50 मीटर दर्ज की गई है. सफदरजंग में भी हालात बेहतर नहीं थे. सुबह 8:30 बजे तक विजिबिलिटी 200 मीटर तक ही पहुंच सकी है. लगातार तीसरे दिन दिल्ली शीत लहर की चपेट में रही है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. अगले दो से तीन दिन तक राहत के आसार कम हैं.
इस कड़ाके की ठंड के पीछे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से पहले की स्थिति को बड़ी वजह माना जा रहा है. IMD और स्काइमेट का कहना है कि 15 और 16 जनवरी तक ठंड अपने चरम पर रहेगी. इसके बाद मौसम में बदलाव शुरू होगा. 16 जनवरी से बादल बढ़ेंगे. मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी हो सकती है. इससे तापमान थोड़ा बढ़ेगा, लेकिन नमी और कोहरा बना रहेगा.
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी इलाके इस समय पहाड़ी क्षेत्रों जैसी ठंड महसूस कर रहे हैं. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है. कई शहरों में न्यूनतम तापमान 3 से 6 डिग्री के बीच रहा है. इसे कोल्ड वेव से लेकर सीवियर कोल्ड वेव की स्थिति माना जा रहा है. ऐसे मौसम में ठंड का असर शरीर पर ज्यादा पड़ता है.
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी हालात बेहद कठिन हैं. पश्चिमी यूपी में घना कोहरा छाया हुआ है. पूर्वी यूपी और बिहार में भी दृश्यता बहुत कम है. लखनऊ, कानपुर और वाराणसी में न्यूनतम तापमान 5 से 8 डिग्री के बीच रहा है. पटना और गया में यह 6 से 9 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है. दिन का तापमान भी ज्यादा नहीं बढ़ पा रहा है. इससे पूरे दिन ठंड बनी हुई है.
IMD ने चेतावनी दी है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, यूपी और बिहार में कोहरा और शीत लहर अभी जारी रहेगी. 16 जनवरी के बाद बारिश और बर्फबारी से तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. लेकिन कोहरा जल्दी खत्म नहीं होगा. डॉक्टरों ने बुजुर्गों और बच्चों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है. सुबह जल्दी बाहर निकलने से बचने और गर्म कपड़े पहनने को कहा गया है. फिलहाल राहत धीरे-धीरे ही मिलने वाली है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
