Terrorist Recruitment Crisis: ऑपरेशन सिंदूर की मार से तबाह हुए जैश-ए-मोहम्मद में नए आतंकियों की भर्ती पूरी तरह ठप हो गई है. संकट से घबराए आतंकी संगठन ने अब सरगना मसूद अजहर के नकली वीडियो और ऑडियो का सहारा लेना शुरू कर दिया है.

Terrorist Recruitment Crisis: भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पाकिस्तान में बैठे आतंकवादियों की कमर पूरी तरह तोड़ दी है. इस तगड़ी कार्रवाई के बाद से पाकिस्तान के कुख्यात आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का बुरा हाल है. संगठन को अपने ठिकानों और बड़े आतंकियों का भारी नुकसान उठाना पड़ा है. हालात यह हैं कि अब जैश के पास नए आतंकियों की भर्ती के लाले पड़ गए हैं. इस संकट से पार पाने के लिए आतंकी संगठन अब घटिया हथकंडे अपनाने पर उतर आया है. आइए आपको इस पूरी खबर के बारे में आसान भाषा में समझाते हैं.
ऑपरेशन सिंदूर से जैश को बड़ा झटका
पहलगाम में बेकसूर पर्यटकों पर हुए कायराना हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था. इस सटीक सैन्य कार्रवाई में पाकिस्तान के बहावलपुर में स्थित जैश-ए-मोहम्मद के मुख्य ठिकाने को नेस्तनाबूत कर दिया गया था. इस एयरस्ट्राइक में कई खतरनाक आतंकी मारे गए थे, जिनमें सरगना मसूद अजहर के कुछ करीबी रिश्तेदार भी शामिल थे. इस बड़े हमले के बाद से जैश का शीर्ष नेतृत्व जनता और अपने समर्थकों के सामने आने से कतराने लगा. मसूद अजहर भी लंबे समय से किसी के सामने नहीं आया है.
नए लड़कों ने संगठन से बनाई दूरी
मसूद अजहर के लंबे समय तक सामने न आने से संगठन के भीतर और नए युवाओं के मन में कई तरह के सवाल उठने लगे. जब जैश के एजेंट नए लड़कों को जोड़ने के लिए गए, तो युवाओं ने साफ इनकार कर दिया. लोगों ने सवाल उठाया कि जब उनका सरगना ही कहीं दिखाई नहीं दे रहा, तो वे ऐसी जगह क्यों शामिल हों. पुराने वीडियो और ऑडियो के सहारे काम चलाने की कोशिश की गई, लेकिन लोग उन्हें पहले ही पहचान चुके थे. ऐसे में पुराने पैंतरे पूरी तरह फेल हो गए और संगठन में नई भर्ती पूरी तरह ठप हो गई.
वीडियो का सहारा लेकर फैलाया जा रहा झूठ
पुराने तरीकों के नाकाम होने के बाद आतंकवादियों ने एक नया और खतरनाक रास्ता चुना है. खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, जैश अब अपने सरगना मसूद अजहर के नकली वीडियो और ऑडियो तैयार करवा रहा है. इन वीडियो में ऐसा दिखाया जा रहा है कि मसूद अजहर पूरी तरह ठीक है और अब भी संगठन की कमान संभाल रहा है. इन चालबाजियों के जरिए युवाओं से संगठन में शामिल होने की अपील की जा रही है. इसका मकसद सिर्फ इतना है कि किसी तरह भोले-भाले युवाओं का ब्रेवॉडश करके उन्हें आतंकवाद के दलदल में धकेला जा सके.
कम पढ़े-लिखे युवाओं को बनाया जा रहा निशाना
आतंकी संगठन की यह साजिश बहुत सोची-समझी है. उनका पूरा फोकस ऐसे युवाओं पर है जो कम पढ़े-लिखे हैं या फिर आर्थिक रूप से बहुत कमजोर परिवारों से आते हैं. ऐसे लोग तकनीक की इस सच्चाई को आसानी से नहीं समझ पाते कि वीडियो असली है या नकली. खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, जैश भारत के ग्रामीण इलाकों और कमजोर तबके के युवाओं तक अपनी ये झूठी सामग्री पहुंचाने की प्लानिंग कर रहा है. इसके लिए स्थानीय भाषाओं का भी इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि लोग आसानी से झांसे में आ जाएं.
नेतृत्व के संकट से जूझ रहा है जैश
आज जैश-ए-मोहम्मद सिर्फ भर्ती के संकट से ही नहीं जूझ रहा, बल्कि उसके सामने भविष्य के नेतृत्व का भी बड़ा संकट है. मसूद अजहर की सेहत अब वैसी नहीं है कि वह लंबे समय तक संगठन चला सके. जैश अच्छी तरह जानता है कि मसूद का चेहरा हटाते ही पूरा संगठन बिखर जाएगा. इसीलिए वे इस तरह के नकली वीडियो का इस्तेमाल करके केवल थोड़ा वक्त खींचना चाहते हैं. भारतीय सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों की इस नई चाल पर बहुत पैनी नजर रखे हुए हैं और उनके हर नापाक मंसूबे को नाकाम करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
