महाराष्ट्र के परभणी में गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया. बताया जा था है कि इस दौरान दो युवक गोदावरी नदी में बह गए. देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिला.
महाराष्ट्र के परभणी जिले से एक दुखद मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि पालम शहर के गणेश मंडल के साथ गणेश विसर्जन के लिए गोदावरी नदी के तट पर गए दो युवक अचानक नदी के तेज बहाव में डूब गए. यह हादसा पूर्णा तालुका के धनोरा काले गांव स्थित गोदावरी नदी बेसिन में हुआ. इस घटना के बाद से ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
संतुलन बिगड़ने से गिरे युवक
जानकारी के मुताबिक पालम शहर के गणेश मंडल के कार्यकर्ता गाजे-बाजे के साथ श्री गणेश की मूर्ति विसर्जित करने धनोरा काले गए थे. नदी पर बने पुल से भगवान गणेश की मूर्ति को पानी में छोड़ा जा रहा था. इसी दौरान दोनों युवकों का संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे उफनती गोदावरी नदी में जा गिरे. नदी में डूबे युवकों की पहचान 17 साल के मुंजाजी अशरोब घोरपड़े और 20 साल के गजानन रामदास घोरपड़े के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि घटना होते ही साथ मौजूद गणेश मंडल के 3 से 4 युवकों ने बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत नदी में छलांग लगा दी. हालाँकि काफी मशक्कत के बाद भी दोनों युवकों को पानी से बाहर निकालने में सफलता नहीं मिली.
देर रात तक चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
इस घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से गोदावरी नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया. अंधेरा होने के बावजूद देर रात तक रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन जारी रहा. हालांकि इसके बाद दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका. पुलिस प्रशासन सुबह से दोबारा व्यापक स्तर पर खोजबीन अभियान चलाने में जुटा हुआ है.
