दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक युवक को निरीक्षण के दौरान थप्पड़ मार दिया। अब इस मामले में एक नई जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति को थप्पड़ मारा गया, उसके खिलाफ MCD कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला पहले से ही दर्ज है.
दिल्ली के तिलक नगर से एक घटना सामने आई थी. यहां सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया था. अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है. बताया जा रहा है कि साहिब सिंह नामक युवक के खिलाफ एक एमसीडी कर्मचारी से मारपीट का मुकदमा पहले से दर्ज होने का दावा किया जा रहा है. इस मामले में उसके गिरफ्तारी हो चुकी थी और वो अभी जमानत पर है. बताया जाता है कि युवक AAP विधायक जरनैल सिंह का सोशल मीडिया संभालता है.
पुलिस के मुताबिक MCD कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना CCTV कैमरों में भी कैद हो गई थी. इस पुराने मामले से जुड़ी FIR की एक कॉपी भी सामने आई है. मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि FIR के मुताबिक शिकायतकर्ता धन बहादुर दिल्ली के हरि नगर में बेरीवाला बाग के WZ-23 में रहते हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि वह MCD में एक अस्थायी कर्मचारी हैं. 2 जून साल 2026 को उन्हें कचरा उठाने वाली गाड़ी पर हेल्पर के तौर पर ड्यूटी पर लगाया गया था. वह ड्राइवर मुकेश के साथ वार्ड नंबर 103 में कचरा उठाने गए थे.
MCD कर्मचारी को पीटा
शिकायत के मुताबिक इस दौरान एक घर का एक लड़का अपने कुछ साथियों के साथ उनके पीछे आया और गाड़ी को जबरदस्ती रुकवाया. आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता को गाड़ी से बाहर खींचा, उसके साथ मारपीट की और उसे गलियां देते हुए दूर ले गए. यहां वह बेहोश हो गया. होश आने पर शिकायतकर्ता ने खुद को DDU अस्पताल में पाया.
पुलिस ने दर्ज की FIR
शिकायत मिलने के बाद तिलक नगर पुलिस स्टेशन के सब इंस्पेक्टर मंजीत सिंह के निर्देश पर हेड कॉन्स्टेबल रवि कांत को घटनास्थल पर भेजा गया. वहां पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की. शिकायतकर्ता के बयान और उपलब्ध मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर तिलक नगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई. यह FIR इस साल 2 जून को तिलक नगर पुलिस स्टेशन में साहिब सिंह और अन्य के खिलाफ दर्ज की गई थी. साहिब सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई.
मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार का आरोप
इस बीच चांद नगर के रहने वाले साहिब सिंह ने विकासपुरी पुलिस स्टेशन में दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और 12-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण का निरीक्षण करने और काम की गुणवत्ता की जांच करने के दौरान उनके साथ बुरा बर्ताव करते हुए उन्हें थप्पड़ मारा गया. इसके साथ ही धक्का भी दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई. उन्होंने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया और मंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ भ्रष्टाचार की जांच की मांग की.
