PM Surya Ghar Yojana: पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 300 यूनिट फ्री बिजली के साथ 78,000 रुपये तक की सब्सिडी मिल रही है. बिहार निवासियों को 20,000 रुपये की अतिरिक्त छूट के साथ कुल 98,000 की मदद मिलेगी.

PM Surya Ghar Yojana: गर्मियों के दिनों में घर में एसी, कूलर, पंखा और फ्रिज चलने से भारी-भरकम बिजली का बिल आने लगता है. इस परेशानी से राहत देने के लिए केंद्र सरकार की ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ बहुत काम आ रही है. इस योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने से बिजली का बिल लगभग जीरो हो जाता है. योजना में हर महीने 300 यूनिट तक बिजली बिल्कुल मुफ्त मिलती है. इसके अलावा सोलर पैनल इंस्टॉल करवाने के लिए सरकार की ओर से बड़ी सब्सिडी भी दी जा रही है.
50 लाख से ज्यादा घरों तक पहुंची योजना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2024 में इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत की थी. सरकार का लक्ष्य साल 2027 तक देश के 1 करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का है. अब तक जारी आंकड़ों के मुताबिक 50 लाख से ज्यादा परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं. आमतौर पर रूफटॉप सोलर पैनल की लाइफ करीब 25 साल मानी जाती है. यानी एक बार सोलर पैनल लगवाने के बाद अगले दो दशक से भी ज्यादा समय के लिए लोगों को महंगे बिजली बिलों से हमेशा के लिए आजादी मिल जाती है.
केंद्र के साथ बिहार में मिलेगी राज्य सरकार की सब्सिडी
केंद्र सरकार की ओर से 3 किलोवाट तक के सोलर प्लांट पर अधिकतम 78,000 रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है. लेकिन अगर आप बिहार के निवासी हैं तो आपको और भी बड़ा फायदा मिलने वाला है. बिहार सरकार राज्य के लोगों को अपनी तरफ से 20,000 रुपये की अतिरिक्त छूट दे रही है. इस तरह बिहार में रहने वाले उपभोक्ताओं को कुल मिलाकर 98,000 रुपये तक की सरकारी मदद मिल जाती है. इससे सोलर पैनल लगवाने में लगने वाला शुरुआती खर्च बहुत कम हो जाता है.
जानिए कितना सोलर पैनल लगाने पर कितनी मिलेगी राहत
बिहार में सब्सिडी का गणित अलग-अलग किलोवाट के हिसाब से तय किया गया है. 1 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने पर केंद्र सरकार 30,000 रुपये और बिहार सरकार 10,000 रुपये देती है, यानी कुल 40,000 की मदद मिलती है. 2 किलोवाट के प्लांट पर केंद्र से 60,000 रुपये और राज्य से 20,000 रुपये मिलाकर कुल 80,000 रुपये की छूट मिलती है. वहीं 3 किलोवाट या उससे अधिक का सोलर पैनल लगाने पर केंद्र की 78,000 रुपये और बिहार सरकार की 20,000 रुपये की सब्सिडी मिलकर कुल 98,000 रुपये की भारी बचत होती है.
योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कैसे करें
इस योजना का लाभ उठाने के लिए आधिकारिक पोर्टल pmsuryaghar.gov.in पर जाना होता है. वहाँ होमपेज पर ‘अप्लाई फॉर रूफटॉप सोलर’ का विकल्प चुनना होगा. इसके बाद अपने राज्य और बिजली वितरण कंपनी (DISCOM) का नाम दर्ज करना पड़ेगा. फिर अपना बिजली कंज्यूमर नंबर, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी डालकर लॉगइन करना होगा. इसके बाद फॉर्म में मांगी गई जरूरी जानकारियां भरकर रूफटॉप सोलर पैनल के लिए आवेदन सबमिट कर दें. आवेदन के बाद आपको फीजिबिलिटी अप्रूवल मिल जाता है.
कैसे मिलेगी सब्सिडी की पूरी रकम
अप्रूवल मिलने के बाद आप अपनी बिजली कंपनी के रजिस्टर्ड वेंडर से छत पर सोलर पैनल लगवा सकते हैं. पैनल इंस्टॉल होने के बाद आपको नेट मीटर के लिए आवेदन करना होगा. जब बिजली विभाग का अधिकारी आकर जांच करेगा और कमीशनिंग सर्टिफिकेट जारी कर देगा, तब आपको पोर्टल पर जाकर अपना बैंक अकाउंट नंबर और कैंसिल चेक की डिटेल अपलोड करनी होगी. सबमिट करने के लगभग 30 से 45 दिनों के भीतर सब्सिडी का पूरा पैसा सीधे आपके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा.
