Prayagraj Cold Storage Accident: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के फाफामऊ के चंदापुर आदर्श कोल्ड स्टोरेज हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई है. अब तक 12 से ज्यादा घायल अस्पताल में भर्ती है. इस हादसे में दबे लोगों को निकालने के लिए देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. प्रधानमंत्री कार्यालय ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है. डीएम ने बताया कि घायलों को 50-50 हजार व मृतकों को दो-दो लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा. इसके साथ ही लापरवाही के मामले में कोल्ड स्टोरेज के मालिक सपा नेता अंसार अहमद के करीबियों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है. मौके पर अभी राहत और बचाव कार्य जारी है.
बताया जा रहा है कि कोल्ड स्टोरेज महज कुछ खंभों पर टिका हुआ था, जिसके चलते यह हादसा हुआ है. इस हादसे में दबे लोगों को निकालने के लिए देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. वहीं प्रयागराज विकास प्राधिकरण की तरफ से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक रोज के तरह लंच के दौरान मजदूर एक साथ बैठकर खाना खा रहे थे. इसी दौरान दौरान कोल्ड स्टोरेज के अंदर बना एक छज्जा टूटकर गिर गया. छज्जा अमोनिया गैस के पाइप पर गिरा, जिसकी वजह से गैस की पाइप फटी और दीवार गिर गई. मजदूरों के मुताबिक जो अंदर थे, वे भाग नहीं पाए. दीवार के नीचे करीब 20 मजदूर दब गए, और मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे की खबर लगते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंची. आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु किया. उधर हादसे की खबर लगते ही मजदूरों के परिवार में कोहराम मच गया. हादसे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. मृतकों और घायलों के परिवार हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
हादसे का लाइव वीडियो आया सामने
कोल्ड स्टोर हादसे का लाइव वीडियो सामने आया है. वीडियो में पिलर पर खड़ा कोल्ड स्टोर भर भराकर गिर रहा है. स्थानीय लोग कोल्ड स्टोर के गिरने की आशंका जताते हुए वीडियो बना रहे हैं. अमोनिया गैस के टैंक में विस्फोट के बाद स्टोर की बिल्डिंग भर भराकर गिरती दिख रही है. बिल्डिंग का हिस्सा गिरने के बाद चारों तरफ धूल का गुबार उड़ता दिख रहा है.
प्रयागराज के फाफामऊ के चंदापुर में कोल्ड स्टोरेज हादसे के 18 घंटे बाद भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा लगातार कोल्ड स्टोरेज के मलबे को हटाया जा रहा है. मौके पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड बचाव राहत कार्य में जुटी है.
कोल्ड स्टोरेज का मालिक कौन?
बताया जा रहा है कि कोल्ड स्टोरेज समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक अंसार अहमद का है. कोल्ड स्टोरेज की मलकाना हक अथवा काम करने वालों में से अब तक कोई भी मीडिया के सामने जवाब देही देने के लिए नहीं आया है.
प्रयागराज जिले के गंगानगर जोन के फाफामऊ के चंदापुर गांव में सोमवार को कोल्ड स्टोरेज में हुए हादसे को लेकर फाफामऊ थाने में 7 नामजद और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
