रांची में शराब के नशे में धुत्त बंदरिया ने दुकान में उत्पात मचा दिया. बंदरिया शराब की एक बोतल पी गई और कर्मचारी को काटकर घायल कर दिया. जिसके बाद उसे पकड़ा गया.
इंसानों को जागरूक करने के लिए हर शराब की बोतल और दुकान पर चेतावनी लिखी होती है. लेकिन यहां एक जानवर शराब की दुकान का ग्राहक बन गया. झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी इलाके से एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि यहां एक शराब की दुकान में अचानक एक बंदरिया घुस आई और उसने मिनटों में शराब की पूरी बोतल गटक ली. इसके बाद जो हुआ उसे देखकर स्थानीय लोग और दुकान के कर्मचारी दंग रह गए.
बोतल उठाकर पी गई बंदरिया
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे ओरमांझी के ब्लॉक चौक स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की एक वाइन शॉप की है. दुकान के कर्मचारियों के मुताबिक इस दौरान एक गर्भवती बंदरिया अचानक वाइन शॉप के काउंटर के अंदर दाखिल हो गई. दुकान में रखी शराब की बोतलों में से उसने मैजिक मोमेंट्स की एक क्वार्टर बोतल उठाई और पूरी बोतल पी गई. बताया जा रहा है कि इसके बाद नशा उस पर चढ़ गया और वह दुकान के अंदर फर्श पर ही बेसुध होकर सो गई.
दुकान में मचाया उत्पात
थोड़ी देर बेसुध पड़े रहने के बाद जब बंदरिया की नींद खुली, तो उस पर शराब का नशा पूरी तरह हावी हो चुका था. बताया जा रहा है कि इसके बाद उसने दुकान के अंदर रखी बोतलों को गिराना और उत्पात मचाना शुरू कर दिया. दुकान में मौजूद कर्मचारियों ने जब उसे भगाने और काबू करने की कोशिश की, तो उग्र हुई बंदरिया ने एक स्टाफ कर्मचारी को काटकर घायल कर दिया.
टीम ने किया रेस्क्यू
बंदरिया के बढ़ते उत्पात को देखते हुए कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने ओरमांझी थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही बिरसा जैविक उद्यान की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. टीम ने मशक्कत के बाद शराब के नशे में धुत बंदरिया को सुरक्षित जाल में पकड़ा और उसे अपने साथ जैविक उद्यान ले गई, जहाँ उसका उपचार और देखभाल की जा रही है.
