दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने JOSH टीमों के शुभारंभ कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ भी असम्भव नहीं है. हर असंभव के भीतर संभव की संभावना छिपी होती है.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को भारत मंडपम में जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ (JOSH) टीमों के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद, विधायक, पार्षद, अधिकारी, NCC कैडेट्स और युवा वॉलंटियर्स भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने युवाओं से टीबी-मुक्त भारत के राष्ट्रीय मिशन में सक्रिय भागीदारी करने के लिए अपील की.
देश बढ़ रहा आगे
उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश टीबी उन्मूलन की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है और JOSH टीमों का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
लोगों के बीच जाकर करेंगे जागरूक
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हेल्थ, यूथ और डिफेंस की त्रिशक्ति मिलकर टीबी-मुक्त भारत के संकल्प को सच करेगी. JOSH के जरिए युवा वॉलंटियर्स, एनसीसी कैडेट्स, जनप्रतिनिधि और अधिकारी लोगों के बीच जाकर टीबी के प्रति जागरूकता फैलाएंगे और इसके उन्मूलन के प्रयासों को मजबूत करेंगे.
अभियान से जुड़ने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और उनके उत्साह को टीबी के खिलाफ अभियान से जोड़कर इस लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है. उन्होंने इस दौरान टीबी हारेगा, देश जीतेगा के संकल्प के साथ युवाओं से इस अभियान का हिस्सा बनने का भी आह्वान किया.
कुछ भी असम्भव नहीं
रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हम करके रहेंगे के संकल्प का उल्लेख किया. उन्होंने इस दौरान कहा कि यह विश्वास हर चुनौती का सामना करने की ऊर्जा देता है. रेखा गुप्ता ने कहा कि कुछ भी असंभव नहीं है और हर असंभव के भीतर संभव की संभावना छिपी होती है.
