रीवा में ढाई साल की बच्ची के किडनैपिंग के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. जानकारी के मुताबिक़ सभी आरोपी बच्ची को बोरी में भर कर ले गए थे. पुलिस ने मामले में जांच कर हुए यह करवाई की है.
मध्य प्रदेश में रीवा से एक हैरान कर देने वाले घटना सामने आई है. यहाँ के समान थाना क्षेत्र की गड़रिया बस्ती से ढाई साल की मासूम बच्ची के किडनैपिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया. बच्ची को रीवा से सीधी जिले के धनेत गांव ले जाया गया था. पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक बच्ची के किडनैपिंग की वजह आरोपियों में से एक महिला का संतानहीन होना और बच्ची को पालने की नीयत बताई जा रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच
आपको बता दे कि यह पूरा मामला समान थाना क्षेत्र की गड़रिया बस्ती का है. यहां रहने वाली एक मजदूर महिला जब काम करने के बाद घर लौटी तो उसकी ढाई साल की बेटी घर पर नहीं मिली. काफी तलाश के बाद भी बच्ची का पता नहीं चला तो परेशान मां समान थाने पहुंची और पुलिस को सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की. मामले की जांच में सामने आया कि बच्ची सुबह अपने भाई के साथ आंगनवाड़ी केंद्र गई थी. पुलिस के मुताबिक इसी दौरान आंगनवाड़ी में काम करने वाली एक युवती और पास में रहने वाली महिला की भूमिका संदिग्ध मिली.
बोरी में रखकर ले गए बच्ची
जांच के मुताबिक आरोपियों ने कथित तौर पर बच्ची को आंगनवाड़ी केंद्र से अपने साथ लिया और उसे बोरी में रखकर सीधी जिले के धनेत गांव ले गए. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि महिला केशकली कोल बच्ची को लेकर अपने मायके पहुंची थी. बच्ची के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और एक टीम को तत्काल सीधी भेजा गया. रात में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने धनेत गांव से बच्ची को बरामद कर लिया. इसके बाद बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया गया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के मुताबिक मामले में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बच्ची को ले जाने के पीछे संतान न होने और उसे पालने की इच्छा की बात बताई है. मामले में पुलिस ने रविशंकर मालवीय, केशकली कोल, रिया वर्मा और रीनू रावत को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची के अपहरण की योजना कब और कैसे बनाई गई थी. पुलिस आंगनवाड़ी केंद्र और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.
