सहारनपुर जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है. यहाँ एक अनियंत्रित कैंटर ने फ्लाईओवर पर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना चार लोगों की मौत हो गई. मृतक माता शाकंभरी देवी के दर्शन कर जोत लेकर वापस लौट रहे थे.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. जिले के देवबंद फ्लाईओवर पर चैत्र नवरात्र से ठीक पहले प्रसिद्ध सिद्धपीठ माता शाकंभरी देवी मंदिर से माता की जोत लेकर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में अब तक 4 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं. जानकारी के मुताबिक़ सभी श्रद्धालु मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र के निवासी हैं.
पीछा से आ रहे कैंटर ने मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर माता शाकंभरी देवी के दर्शन कर जोत लेकर वापस लौट रहे थे. देवबंद फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कुछ देर के लिए रोका गया था. इसी दौरान पीछे से तेज स्पीड में आ रहे एक अनियंत्रित कैंटर ने खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार श्रद्धालु सड़क पर दूर जा गिरे.4 मृतकों की हुई पहचान
आपको बता दे कि हादसे में जान गंवाने वाले चारों श्रद्धालुओं की शिनाख्त हो गई है. मृतकों की पहचान अमन, रमेश, सत्येंद्र और सागर के रूप में की गई है, मृतक मेरठ के सरधना क्षेत्र के रहने वाले थे. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई.
CHC में हो गई 2 की मौत
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए देवबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सहारनपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया. सीओ (CO) देवबंद के अनुसार दो श्रद्धालुओं की मौत देवबंद में ही हो गई थी, जबकि दो अन्य श्रद्धालुओं ने इलाज के दौरान अस्पताल लाते समय दम तोड़ दिया, जिससे कुल मृतकों की संख्या 4 हो गई है. पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
