बिहार के समस्तीपुर में अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी. इस दौरान व्यक्ति के मुँह में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ गंभीर हालत देखकर उसे DMCH रेफर कर दिया गया.
समस्तीपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नज़र आ रहे हैं. यहां कुछ अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. जानकारी के मुताबिक़ पूरी घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के टारा गांव की है. युवक के मुंह में गोली लगी है. उसे इलाज के लिए पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया गया. फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
विवाद के बाद मारी गोली
जानकारी के मुताबिक टारा गांव में कुछ अपराधी लूट के सामान का बंटवारा करने पहुंचे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक युवक को गोली मार दी गई. इस घटना में गोली युवक के मुंह में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
जानकारी के मुताबिक़ घायल युवक की पहचान रजनीश कुमार के रूप में की गई है. वह उजियारपुर थाना क्षेत्र का निवासी है. शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे दरभंगा DMCH रेफर कर दिया. अस्पताल में उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने मामले को संज्ञान में लिया. उन्होंने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. डीएसपी-2 ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक़, शुरुआती जानकारी में लूट के सामान के बंटवारे के दौरान विवाद होने की बात सामने आई है. हालांकि, गोलीबारी की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी.
