समस्तीपुर जिले में खेत से एक अज्ञात लड़की का नग्न शव बरामद हुआ है. इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फ़िलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बिहार के समस्तीपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां खेत से एक अज्ञात लड़की का नग्न शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. जानकारी के मुताबिक़ मामला जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित मूसेपुर गांव का है. दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच तड़के खेत में लाश मिलने की खबर मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई. घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच दुष्कर्म के बाद नृशंस हत्या या आत्महत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. सूचना मिलने पर पहुंची कल्याणपुर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतका के शरीर पर जख्म के कई निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले उसके साथ मारपीट या संघर्ष हुआ था. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर फॉरेंसिक (FSL) और जिला गुप्तवार्ता इकाई (DIU) की टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
जानकारी के मुताबिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स एकत्र किए हैं. कल्याणपुर थाना पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और हाल के दिनों में लापता हुई लड़कियों के डेटा खंगाल रही है.
नहीं हो पायी पहचान
समस्तीपुर के सदर DSP-2 संजय कुमार सिंह ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मृतका की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. शव को पहचान के लिए अगले 72 घंटे के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखा गया है.
पुलिस अधिकारियों का इस मामले को लेकर कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने, शव की शिनाख्त होने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला हत्या, दुष्कर्म के बाद हत्या या आत्महत्या का है.
