सारण जिले में एक पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में जांच शुरू कर दी है.
बिहार में सारण जिले से हत्या का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां शुक्रवार को एक पुजारी को गोली मार कर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 37 वर्षीय रवि प्रकाश के रूप में की गई है. हत्या का यह पूरा मामला जिले के मशरक थाना क्षेत्र के सेरूकहा गांव का बताया जा रहा है.
घटना स्थल पर पहुँचे उच्च अधिकारी
हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक, रवि प्रकाश को सिर में गोली मारी गई. वो शिव चर्चा कराते थे. घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी संजय कुमार सुधांशु, इंस्पेक्टर इंद्रजीत महंतों और थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की.
महिलाओं ने देखा ईंटों के पास पड़ा शव
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रवि प्रकाश शिव चर्चा कराते थे और धरमासती बाजार में आरती भी दिखाते थे. लोगों ने बताया कि उनकी हत्या की जानकारी तब मिली, जब महिलाएं गोबर फेंकने जा रही थीं. इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे एक मकान निर्माण के लिए रखे ईंटों के ढेर के पास पड़े शव पर पड़ी. इसके बाद शोर मचने पर ग्रामीण जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई.
मामले में हो रही जांच
डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई है. इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है.
