Shahjahanpur Land Dispute Murder: प्रदेश के शाहजहांपुर में जमीन के विवाद को लेकर एक युवक की हत्या कर दी गई, वहीं उसके भाई को हमला करके गंभीर रूप से घायल किया गया है. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है और आरोपी को हिरासत में लिया गया है.

जमीन विवाद में युवक की हत्या
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में जमीन के विवाद को लेकर एक युवक की हत्या कर दी गई. वहीं युवक का भाई गंभीर रूप से घायल हुआ है. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना शाहजहांपुर के बारी खास गांव की है. मंगलवार देर रात को इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 25 साल के श्याम सुंदर के रूप में की गई है.
मृतक का भाई गंभीर रूप से घायल
पुलिस ने बताया कि मृतक का भाई बृतमोहन इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसके इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. इस मामले में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में यह पूरा मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है. बताया जा रहा है कि मृतक श्याम सुंदर अपने भाई के साथ अपने नाना के घर पर रहता था.
नाना ने संपत्ति कर दी थी मृतक के नाम
जानकारी के मुताबिक मृतक के नाना के कोई बच्चा नहीं था, जिसके कारण उन्होंने अपनी पूरी संपत्ति श्याम सुंदर के नाम पर कर दी थी. जिसके कारण परिवार के दूसरे सदस्यों से उनका विवाद चल रहा था. नाना के भतीजे के साथ उनका विवाद ज्यादा गहरा था, जो समय के साथ गहराता गया और अंत में आकर हिंसा का रूप ले लिया. इसी विवाद के कारण युवक की हत्या कर दी गई.
आरोपी ने घर के बाहर मारी गोली
मंगलवार को मृतक खेत में चारा काटने गया था और यहीं उसकी आरोपी धनवीर सिंह के साथ कहासुनी हो गई. आरोपी धनवीर भी परिवार से संबंध रखता है. दिन में हुई कहासुनी के बाद रात में आरोपी श्याम सुंदर के घर पर पहुंचा बताया जा रहा है कि जैसे ही श्याम सुंदर घर के बाहर आया, तो आरोपी ने उसके ऊपर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपी के हिरासत में लिया
युवक को गोली मारने के दौरान उसके भाई पर भी किसी भारी चीज से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को भी हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- बिहार में BJP का पहला मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी ने ली CM पद की शपथ; विजेंद्र यादव और विजय चौधरी बने डिप्टी सीएम
