कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में कुछ लोगों ने 500 रूपये के पीछे एक मजदूर की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि बाइक सवार 4 युवकों ने मजदूर से 500 रूपये मांगे थे. पैसे देने से मना करने पर युवकों ने उसकी ड्रैगन चाकू से हत्या कर दी.
कर्नाटक से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां नशे की हालत में धुत चार युवकों ने सिर्फ 500 रुपये के लिए एक मजदूर की चाकू मारकर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक पूरी घटन्स राज्य के शिवमोग्गा जिले में अशोक नगर में तुंगा नहर के पास की है. मृतक की पहचान मोहम्मद अली के रूप में की गई. डोड्डापेट पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. निर्दोष मजदूर की हत्या से लोग स्तब्ध हैं.
मजदूर से मांगे 500 रुपये
जानकारी के मुताबिक शिवमोग्गा के अशोक नगर में तुंगा नहर के पास दो बाइकों पर आए चार युवक गांजे के नशे में थे. इसी दौरान उनकी नजर मोहम्मद अली पर पड़ी. उसके हाथ में 500 रुपये थे. यह देखकर युवक उसके पास गए और उससे पैसे छीनने लगे. उन्होंने मजदूर से कहा, ‘जल्दी 500 रुपये दे’. इस दौरान मजदूर मोहम्मद अली ने अपने पास मौजूद 500 रुपये का नोट देने से इनकार कर दिया.
ड्रैगन चाकू से किया हमला
रूपये देने से मना करने की बात पर नाराज होकर युवकों ने मोहम्मद पर ड्रैगन नामक चाकू से हमला कर दिया. इसके बाद आरोपी मोहम्मद से 500 रुपये लेकर फरार हो गए. इधर हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे. मोहम्मद खून से लथपथ सड़क किनारे पड़ा था. डोड्डापेट पुलिस थाने में मर्डर का केस दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच और आरोपी युवकों की तलाश कर रही है.
गांजे की चपेट में युवा पीढ़ी
आपको बता दें कि शहर में इस तरह की घटना के बाद दहशत फैल गई है. शिवमोग्गा शहर में गांजे का खतरा हर दिन बढ़ता जा रहा है. युवा पीढ़ी गांजे की चपेट में आ रही है. बेरोजगार युवा गांजे के गुलाम बन रहे हैं और अपराधों की संख्या भी बढ़ रही है. युवक यहां गांजा पीकर और गुंडागर्दी कर रहे हैं. पैसे खत्म होने पर वे घातक हथियारों से लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. फिलहाल हत्या के इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
