सिंगरौली में मिस प्रिटी इंडिया की विजेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स थे. सुसाइड से पहले निधि ने फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट भी शेयर किया था.
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ निवासी मिस प्रिटी इंडिया की विजेता निधि तिवारी (30) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि रविवार सुबह घर के कमरे में उनका शव फंदे पर लटका मिला. आपको बता दें कि निधि मूल रूप से बनारस की रहने वाली थीं. फेसबुक पर उनके करीब 9 लाख 28 हजार और इंस्टाग्राम पर 7 लाख 12 हजार फॉलोअर्स हैं. वह गानों पर डांस रील्स बनाकर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर शेयर करती थीं. मोरवा पुलिस के मुताबिक उन्होंने सुसाइड से पहले फेसबुक पर इमोशनल पोस्ट शेयर किया था.
फोन पर हुई थी बहस
सुसाइड से पहले निधि ने फेसबुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि इस अधूरे से दिल को किसी ने पूरा नहीं किया, मैंने खुद से पूरा कर दिया. इसलिए कहा जाता है खुद से प्यार करो किसी और से नहीं, खुद में खुद को तलाश करो, किसी और में आखिर कब तक तलाशोगे खुद को. निधि की मां लता तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार की रात करीब 8 बजे उनकी बेटी की दिल्ली के रहने वाले सोनू सिंह नाम के युवक से फोन पर बहस हुई थी. बातचीत के बाद निधि ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर की और खुद को कमरे में बंद कर लिया. रात करीब 9 के आसपास निधि से खाना खाने के लिए कहा गया तो उसने खाने से मना करते हुए खुद को अकेला छोड़ने के लिए कहा. इसके बाद परिजन सोने चले गए.
पुलिस को दी सूचना
परिजन ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि रविवार सुबह दब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजन आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने खिड़की से अंदर देखा तो निधि का शव फंदे पर लटका था. बताया जा रहा है कि निधि भूसा मोड़ इलाके में अपनी मां और छोटी बहन के साथ रहती थी.
साल 2024 में बनीं मिस प्रिटी इंडिया
आपको बता दें कि निधि तिवारी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं. वह रील्स बनाकर पोस्ट करती थीं, जिससे लोग उन्हें पसंद करते थे. उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लाखों फॉलोअर्स थे. वह स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होती थीं. निधी कई ब्यूटी कॉन्टेस्ट के खिताब जीत चुकी थीं. साल 2024 में निधि ने ‘मिस प्रिटी इंडिया’ का खिताब जीता था. बताया जा रहा है कि उनका सपना फिल्मों में बतौर एक्टर काम करने का था.
पुलिस कर रही जांच
मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस परिजन के बयान दर्ज कर रही है. उन्होंने बताया कि निधि के फोन कॉल डिटेल और सोशल मीडिया एक्टिविटी भी खंगाली जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मौत से पहले निधि किन लोगों के संपर्क में थीं और उनकी आखिरी बातचीत से जुड़े सभी पहलू क्या थे.
