राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी में हलचल तेज है. उम्मीदवारों में से वो प्रोफेसर राम गोपाल यादव का नाम पक्का हो गया है. हालांकि अभी भी दो नामों को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. प्रोफेसर यादव आज अपना नामांकन करेंगे.
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर तैयारी तेज हो गई है. अब समाजवादी पार्टी में भी सियासी हलचल बढ़ गई है. मंगलवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आवास पर करीब दो घंटे तक चली बैठक के बाद भी पार्टी के सभी उम्मीदवारों के नाम पर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हो सकी. फिलहाल इतना तय है कि प्रोफेसर रामगोपाल यादव बुधवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करेंगे, जबकि बाकी दो नामों को लेकर सस्पेंस बना हुआ है.
एक उम्मीदवार का नाम हुआ तय
आपको बता दे इस बैठक में अखिलेश यादव के अलावा प्रोफेसर रामगोपाल यादव और पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन मौजूद रहे. बैठक के बाद सामने आया कि रामगोपाल यादव का नाम तय है और वह आज नामांकन करेंगे. लेकिन दूसरे और तीसरे उम्मीदवार के नाम पर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है.
चौंकाने वाला नाम आ सकता सामने
अगर सूत्रों की मानें तो सपा में सबसे ज्यादा चर्चा तीसरे उम्मीदवार को लेकर है. अखिलेश यादव इस सीट पर कोई चौंकाने वाला नाम सामने ला सकते हैं. अखिलेश यादव ने दो दिन पहले भी संकेत दिया था कि राज्यसभा उम्मीदवारों में एक नाम सरप्राइज हो सकता है. इसी के बाद सपा के संभावित उम्मीदवारों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. चर्चा है कि दक्षिण भारत से जुड़े किसी कारोबारी चेहरे को भी सपा राज्यसभा भेज सकती है.
क्या यह हो सकता है तीसरा नाम?
आपको बता दे वहीं सपा के वरिष्ठ नेता सलीम इकबाल शेरवानी भी राज्यसभा की दौड़ में अपना दावा पेश कर चुके हैं. शेरवानी की अखिलेश यादव से मुलाकात हुई थी और उन्होंने राज्यसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें दो दिन इंतजार करने की बात कही थी. शेरवानी ने यह भी कहा है कि अगर वह चुनाव लड़ते हैं तो जीतने के लिए लड़ेंगे, हारने के लिए नहीं.
