राजस्थान में श्रीगंगानगर के श्रीविजयनगर में रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध धमाके से पिलर टूट गए. इस घटना के बाद अनूपगढ़-बठिंडा ट्रेन रद्द कर दी गई, एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि FSL जांच जारी है.
राजस्थान के अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर स्थित श्रीविजयनगर क्षेत्र के गांव 50 जीबी के पास रात के समय एक संदिग्ध धमाके की घटना सामने आयी है. जानकारी के मुताबिक़ इस धमाके के कारण रेल पटरी के नीचे बने सीमेंट के दो पिलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और अंदर का सरिया बाहर निकल आया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं. हालांकि गनीमत रही कि रात करीब 8:30 बजे अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली ट्रेन यहां से गुजर चुकी थी और हादसा करीब दो घंटे बाद रात 10:30 बजे हुआ. सुरक्षा के लिहाज से सुबह 6 बजे अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को रद्द कर दिया गया.
घटना से पहले निकल गई ट्रैन
आपको बता दें कि गांव 50 जीबी के नजदीक हुए इस धमाके से रेलवे ट्रैक के सीमेंटेड पिलर टूट गए. शुरुआती जांच में पटरियों को नुकसान पहुंचाने की साजिश की आशंका जताई जा रही है. आपको बता दे कि घटना से पहले अनूपगढ़-सूरतगढ़ ट्रेन रात 8:30 बजे इस ट्रैक से सही-सलामत निकल गई थी. रात करीब 10:30 बजे तेज धमाके की आवाज और पिलर टूटने की सूचना पुलिस को मिली.
FSL टीम मौके पर मौजूद
घटना की गंभीरता को देखते हुए श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक (SP) हरिशंकर यादव ने घटनास्थल का मुआयना किया. एसपी ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया है. साक्ष्य जुटाने और रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह कोई विस्फोटक (ब्लास्ट) था या पिलर किसी अन्य वजह से क्षतिग्रस्त हुए.
एसपी हरिशंकर यादव ने स्पष्ट किया कि हाल ही में सीमावर्ती इलाके से बरामद हुए लगभग 7.5 किलोग्राम आरडीएक्स (RDX) के मामले से इस घटना का अब तक कोई प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आया है. हालांकि, पुलिस सभी संभावित एंगल्स से जांच कर रही है.
