पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुबह बड़ा हादसा हो गया. यहां एक तेज रफ़्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक में घुस गई. घटना में 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई. साथ ही 3 खिलाड़ी घायल भी हुए हैं.
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. जानकारी के मुताबिक़ लखनऊ से देवरिया जा रहे टेनिस खिलाड़ियों की अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर ट्रक में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि, 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
लखनऊ से लौट रहे थे खिलाड़ी
जानकारी के मुताबिक यह हादसा सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन पर हुआ. बताया जा रहा है कि देवरिया जिले के निवासी 6 टेनिस खिलाड़ी लखनऊ में एक टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के बाद अपने जनपद देवरिया लौट रहे थे. सुबह करीब 5 बजे कार तेज रफ्तार में दौड़ रही थी, इसी दौरान चालक को अचानक झपकी आ गई. अनियंत्रित कार आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी.
3 की मौत 3 खिलाड़ी घायल
बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर होकर ट्रक के नीचे फंस गया. तेज आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीरों और यूपीडा (UPEIDA) के सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया. यूपीडा की टीम और स्थानीय पुलिस ने कार के दरवाजे तोड़कर और लोहे के हिस्सों को काटकर घायलों को बाहर निकाला. आनन-फानन में सभी 6 लोगों को एम्बुलेंस की मदद से अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद 3 खिलाड़ियों को मृत घोषित कर दिया. वहीं 3 अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है.
देवरिया के रहने वाले थे मृतक
बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवा खिलाड़ी देवरिया जिले के रहने वाले थे, जिनकी पहचान नित्या प्रजापति (उम्र 22 वर्ष), इरफान अंसारी (उम्र 20 वर्ष) और अनिकेत (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई. तीनों ही टेनिस के होनहार खिलाड़ी थे. जैसे ही घटना की खबर देवरिया में उनके परिजनों तक पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया और मातम छा गया.
