SC On Medicine Prices: कैंसर की 2,700 रुपये की दवा 27,000 रुपये में बेचने पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है. कोर्ट ने अस्पतालों की इस मुनाफाखोरी को कत्लेआम बताते हुए सभी दवाओं पर 16% मार्जिन तय करने की बात कही.

SC On Medicine Prices: देश के निजी और कॉर्पोरेट अस्पतालों में इलाज के नाम पर हो रही भारी मुनाफाखोरी पर सुप्रीम कोर्ट ने बहुत सख्त रुख अपनाया है. अदालत ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाओं की कीमतों में 10 गुना तक की बढ़ोतरी पर गहरी चिंता जताई है. सुनवाई के दौरान जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने इसे सीधे तौर पर ‘कत्लेआम’ करार दिया. कोर्ट ने केंद्र सरकार को स्पष्ट कहा कि दवाओं के भारी अंतर से आम जनता और ईमानदार टैक्सपेयर्स का भारी नुकसान हो रहा है. इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने सभी प्रकार की दवाओं की बिक्री पर अधिकतम 16 प्रतिशत मार्जिन तय करने की सिफारिश भी की है.
2700 की दवा पर 27000 की एमआरपी
मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने एक हैरान करने वाला उदाहरण सामने रखा. जस्टिस संदीप मेहता ने कहा कि कैंसर की जो जरूरी दवा खुदरा विक्रेताओं को सिर्फ 2,700 रुपये में सप्लाई की जाती है, उसी दवा पर 27,000 रुपये की एमआरपी चिपका दी जाती है. कोर्ट ने सवाल उठाया कि जब थोक और खुदरा कीमत के बीच इतना बड़ा अंतर होगा, तो आम मरीज कैसे इलाज करा पाएगा. बेंच ने कहा कि कॉर्पोरेट अस्पताल किसी पर रहम नहीं खाते हैं और वे मरीजों से बेतहाशा पैसा वसूल रहे हैं.
अस्पताल केमिस्ट से दवा खरीदने की मजबूरी
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान एक और बड़े मुद्दे पर सरकार का ध्यान खींचा. कोर्ट ने कहा कि ज्यादातर बड़े कॉर्पोरेट अस्पताल मरीजों को अपने ही केमिस्ट या किसी तय फार्मेसी से दवा खरीदने के लिए मजबूर करते हैं. अगर कोई मरीज या उसका परिवार बाहर की दुकान से सस्ती दवा खरीदकर लाता है, तो अस्पताल इलाज करने से भी मना कर देते हैं. अदालत ने केंद्र सरकार की तरफ से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से कहा कि इस तरह की दादागिरी पर रोक लगानी होगी और हर जगह एक जैसे नियम लागू करने होंगे.
सभी दवाओं पर हो 16% का फिक्स मार्जिन
अदालत ने कहा कि जब हर दवा ‘जरूरी सामान कानून’ के दायरे में आती है, तो फिर कीमतों में इतना भारी अंतर क्यों रखा जाता है. कोर्ट ने सुझाव दिया कि सरकार को ड्रग्स कंट्रोल ऑर्डर के तहत सभी दवाओं पर केवल 16 प्रतिशत का तय मार्जिन रखना चाहिए. सुप्रीम कोर्ट ने सवाल किया कि 10 गुना ज्यादा दाम बढ़ाने से जो मुनाफा बनता है, आखिर वो सारा पैसा किसकी जेब में जा रहा है. अदालत ने साफ शब्दों में कहा कि फार्मा कंपनियों को इसका फायदा नहीं मिल रहा, बल्कि प्राइवेट अस्पताल इससे बेतहाशा कमाई कर रहे हैं.
जेनेरिक दवा न लिखने पर उठे सवाल
सुप्रीम कोर्ट जिन याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा था, उनमें से एक में उन डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की गई है जो जेनेरिक दवाएं नहीं लिखते हैं. इसके अलावा याचिका में मांग की गई है कि नॉन-शेड्यूल्ड दवाओं की एमआरपी तय करने का अधिकार कंपनियों को पूरी तरह न दिया जाए. बेंच ने कहा कि जब कोई डॉक्टर महंगी ब्रांडेड दवा लिखता है और कोई दयालु केमिस्ट वही दवा 2,700 रुपये में देने लगे, तो मरीज के मन में डर बैठ जाता है कि कहीं दवा नकली तो नहीं है. इस तरह का माहौल मरीजों के लिए बेहद खतरनाक है.
12 अक्टूबर को होगी अगली बड़ी सुनवाई
इस गंभीर मुद्दे पर केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने माना कि इस समस्या पर तुरंत ध्यान देने और ठोस नीति बनाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि सरकार संबंधित अधिकारियों और विभागों से बात करके उचित हल निकालेगी. सुप्रीम कोर्ट ने अब इस पूरे मामले की अगली सुनवाई 12 अक्टूबर के लिए तय कर दी है. अगली सुनवाई पर केंद्र सरकार अदालत के सामने अपना जवाब पेश करेगी कि वह प्राइवेट अस्पतालों की इस मनमानी और दवाओं की अंधाधुंध कीमतों को रोकने के लिए क्या कदम उठाने जा रही है.
