क्राइम ब्रांच ने हरियाणा से एक 22 वर्षीय महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है. टाइगर श्रॉफ के ऊपर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक और बड़ी सफलता मिली है. इस मामले में क्राइम ब्रांच आगे की जांच कर रही है.
मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ के ऊपर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक और बड़ी सफलता मिली है. जानकारी के मुताबिक़ मुंबई क्राइम ब्रांच ने हरियाणा के करनाल जिले से 22 वर्षीय महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है. इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 13 हो गई है.
क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच
आपको बता दें कि 18 अक्टूबर की शाम जुहू इलाके में बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी. इस मामले में जुहू पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 3 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया था. इस मामले की जांच बाद में मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई.
12 आरोपी हो चुके गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक़ क्राइम ब्रांच ने इससे पहले राजस्थान के कोटा, दिल्ली और हरियाणा के सोनीपत से 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. अब 27 अक्टूबर को इस मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम यानी मकोका की धाराएं 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) भी लगाई गई थीं.
महिला आरोपी को भी किया गया गिरफ्तार
आपको बता दें कि जांच के दौरान इस संगठित गिरोह की आपराधिक गतिविधियों में हरियाणा की एक महिला की संलिप्तता सामने आई. इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने हरियाणा पुलिस की मदद से 1 नवंबर को करनाल जिले से 22 वर्षीय महिला आरोपी को गिरफ्तार किया.
ड्राइवर और राहगीर को आई चोटे
आपको बता दे फायरिंग की घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए थे. उनके पिता जैकी श्रॉफ की टीम ने भी बताया था कि टाइगर सुरक्षित हैं. पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के दौरान अभिनेता के ड्राइवर और एक राहगीर को चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. घटना के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए 12 विशेष टीमें बनाई थीं और इलाके के CCTV फुटेज की मदद से जांच शुरू की थी.
