Donald Trump On France Protests: फ्रांस में स्कूलों की खस्ताहाली को लेकर हो रहे उग्र प्रदर्शनों पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने इस हिंसा को मास माइग्रेशन और इस्लाम से जोड़ते हुए फ्रांस पर कब्जे की कोशिश करार दिया.

Donald Trump On France Protests: यूरोप का खूबसूरत देश फ्रांस इन दिनों भारी हिंसा और प्रदर्शनों की आग में झुलस रहा है. स्कूलों और शिक्षा व्यवस्था से शुरू हुआ यह आंदोलन अब देश के कोने-कोने में फैल चुका है. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक तीखे बयान ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में बड़ा भूचाल ला दिया है. ट्रंप ने फ्रांस के इस अंदरूनी मामले को सीधे तौर पर बड़े पैमाने पर हो रहे माइग्रेशन और इस्लाम से जोड़ दिया है. उनके इस विवादित बयान के बाद वैश्विक स्तर पर नई बहस छिड़ गई है.
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप का बड़ा दावा और फ्रांस पर सीधा हमला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट शेयर करके अपनी भड़ास निकाली है. उन्होंने लिखा कि फ्रांस में जो कुछ भी हो रहा है, वह सिर्फ बेकाबू मास माइग्रेशन का नतीजा है. ट्रंप ने साफ शब्दों में लिखा कि यह लड़ाई सिर्फ स्कूलों या संसाधनों की कमी की नहीं है. यह असल में कभी महान रहे फ्रांस जैसे देश पर कब्जा करने की मंशा है. ट्रंप का मानना है कि यूरोपीय देशों की ढीली सीमा नीतियों की वजह से आज यह नौबत आई है.
आखिर क्यों सड़कों पर उतरे हैं फ्रांस के लाखों छात्र?
फ्रांस में इस पूरे बवाल की शुरुआत हाई स्कूल के छात्रों के असंतोष से हुई थी. छात्र लंबे समय से स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी और कक्षाओं में जरूरत से ज्यादा भीड़ का विरोध कर रहे थे. इसके अलावा खस्ताहाल इमारतों और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर भी गुस्सा पनप रहा था. देखते ही देखते छात्रों का यह आंदोलन पूरे देश में फैल गया. पेरिस, मार्सेय, ल्यों, लिल और स्ट्रासबर्ग जैसे बड़े शहरों में छात्रों ने कई बड़े स्कूलों के मुख्य दरवाजों पर ताले जड़ दिए और पढ़ाई ठप कर दी.
कैसे हिंसक हुआ आंदोलन और जलने लगीं गाड़ियां?
शुरुआत में शांत दिख रहा यह प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र और हिंसक रूप लेने लगा. कई जगहों पर उपद्रवियों ने खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी और सार्वजनिक संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया. स्थिति को बेकाबू होता देख फ्रांसीसी पुलिस को उपद्रवियों पर आंसू गैस के गोले दागने पड़े. फ्रांसीसी गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को पूरे देश में ढाई लाख से ज्यादा लोग सड़कों पर उतरे. वहीं प्रदर्शन का आयोजन करने वाले संगठनों का दावा है कि प्रदर्शनकारियों की संख्या चार लाख के पार थी.
ट्रंप पहले भी करते रहे हैं यूरोप की माइग्रेशन नीति की आलोचना
यह पहला मौका नहीं है जब डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोप के हालातों पर इस तरह की सख्त टिप्पणी की हो. ट्रंप पहले भी यूरोपीय संघ और वहां के देशों की माइग्रेशन पॉलिसी की खुलकर निंदा करते रहे हैं. उनका कहना है कि यूरोप को अपनी सीमाओं पर सख्ती बरतनी चाहिए, वरना वहां की संस्कृति और शांति पूरी तरह खत्म हो जाएगी. ट्रंप के इस नए बयान ने न सिर्फ अमेरिका और फ्रांस के रिश्तों में कड़वाहट बढ़ाई है, बल्कि यूरोप में बढ़ रहे दक्षिणपंथी विचारों को भी हवा दे दी है.
फ्रांस की राजनीति में उबाल और सरकार का सख्त रुख
ट्रंप के बयान के बाद फ्रांस की अंदरूनी राजनीति में भी बयानबाजी तेज हो गई है. फ्रांस की प्रमुख दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन ने हिंसक घटनाओं पर कड़ा ऐतराज जताया है. उन्होंने उपद्रवियों और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है. दूसरी ओर, फ्रांसीसी सरकार ने हालात पर काबू पाने के लिए बड़े पैमाने पर सुरक्षा बलों और पुलिस को सड़कों पर तैनात कर दिया है. सरकार का कहना है कि उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाएगा और शांति बहाल की जाएगी.
