Trump and Balochistan: डॉ. तारा चंद ने अमेरिका से बलूचों के लिए समर्थन और असीम मुनीर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है. उनका कहना है कि न्याय और आजादी मिलने से ही बलूचिस्तान सुरक्षित और स्थिर बन सकता है.
Trump and Balochistan: अमेरिका में रह रहे बलूचिस्तान के नेता और पूर्व विधायक डॉक्टर तारा चंद ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बलूचों के लिए समर्थन की अपील की है. उन्होंने कहा कि जैसे ट्रंप ने वेनेजुएला में मादुरो के खिलाफ कार्रवाई कर तानाशाही खत्म करने में मदद की, उसी तरह बलूचिस्तान के लोगों की आजादी में भी साथ देना चाहिए. तारा चंद ने खासतौर से पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर को मादुरो के समान बताया और उन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
डॉक्टर तारा चंद ने बताया कि असीम मुनीर बलूचिस्तान के प्राकृतिक और समुद्री संसाधनों को चीन और अन्य देशों को बेचकर भारी मुनाफा कमा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह काम मादुरो की तरह ही है, जो अपने देश के संसाधनों का गलत इस्तेमाल करता रहा है. तारा चंद ने आगे कहा कि मुनीर डबल एजेंट की तरह काम कर रहे हैं. एक तरफ संसाधन बेच रहे हैं, तो दूसरी तरफ इन्हीं चीजों से अमेरिका को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं.
पाकिस्तानी सेना ने किया माहौल खराब

बलूच नेता ने पाकिस्तानी सेना पर कट्टरपंथ को बढ़ावा देने और इलाके में माहौल खराब करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पाक सेना ने ओसामा बिन लादेन को पनाह दी थी और आज भी बलूचिस्तान में आम लोगों पर लगातार हिंसा जारी है. तारा चंद ने कहा कि असीम मुनीर को मानवता के खिलाफ अपराध के लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए और उन्हें रोककर बलूचों को न्याय और अपनी जमीन पर कंट्रोल का अधिकार मिलना चाहिए.
बलूचिस्तान प्रांत लंबे समय से राजनीतिक अस्थिरता और संघर्ष का शिकार रहा है. यहां के कई लोग पाकिस्तानी सरकार और सेना से नाखुश हैं और प्रांत को आजाद कर अलग देश बनाने की मांग कर रहे हैं. डॉक्टर तारा चंद ने कहा कि पाकिस्तान सेना ने यहां के संसाधनों का गलत इस्तेमाल किया और आम लोगों का शोषण किया है.
बलूच नेता का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए, उन्होंने ट्रंप से आग्रह किया कि बलूचों की आजादी की लड़ाई में मदद करें और असीम मुनीर जैसे अधिकारियों को रोकें, उनका मानना है कि न्याय और आजादी मिलने से ही बलूचिस्तान स्थिर और सुरक्षित बन सकता है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात

