India Energy Import Data: सितंबर 2026 में यूएई अमेरिका को पछाड़कर भारत का सबसे बड़ा LPG सप्लायर बन गया है. जानिए होर्मुज संकट, ओमान के LNG दबदबे और भारत की एनर्जी सिक्योरिटी स्ट्रेटेजी की पूरी कहानी.

India Energy Import Data: ग्लोबल एनर्जी मार्केट में भारत के एक रणनीतिक कदम से महज एक महीने में आयात के पूरे आंकड़े पलट गए हैं. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) अब अमेरिका को पीछे छोड़कर भारत का सबसे बड़ा एलपीजी (LPG) सप्लायर बन गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए इसे एक महीने के भीतर दूसरा बड़ा आर्थिक झटका माना जा रहा है. सितंबर महीने में भारत के ऊर्जा आयात बास्केट में आया यह बड़ा बदलाव साबित करता है कि खाड़ी देश एक बार फिर अपनी मजबूत स्थिति में लौट आए हैं. इस रणनीतिक फेरबदल से भारत की ऊर्जा सुरक्षा को एक नया आधार मिला है.
अगस्त तक रहा अमेरिका का दबदबा, सितंबर में यूएई ने मारी 182 प्रतिशत की छलांग
मैरीटाइम इंटेलिजेंस फर्म ‘केपलर’ के नए आंकड़ों के अनुसार सितंबर में भारत के कुल एलपीजी आयात में यूएई की हिस्सेदारी 39 प्रतिशत हो गई. अगस्त में यूएई का हिस्सा महज 13 प्रतिशत था. यूएई ने सितंबर में भारत को 5,47,000 टन एलपीजी भेजी, जो अगस्त की तुलना में 182 प्रतिशत ज्यादा है. दूसरी ओर, अगस्त में 53 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाला अमेरिका अब खिसक कर 23 प्रतिशत पर आ गया है. अमेरिका से होने वाली सप्लाई में 58 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे वह दूसरे स्थान पर पहुँच गया है.
होर्मुज संकट के समय अमेरिका बना था सहारा, अब खाड़ी देशों से सप्लाई 100% बहाल
इस साल फरवरी में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई थी. भारत अपनी जरूरत की 60 प्रतिशत एलपीजी आयात करता है, जिसमें से 90 प्रतिशत खाड़ी देशों से आती है. उस संकट के समय अमेरिका भारत का सबसे भरोसेमंद साथी बनकर उभरा था. लेकिन अब स्थिति सामान्य होने के बाद खाड़ी देशों से एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह बहाल हो चुकी है. सितंबर में कुवैत 1,32,544 टन सप्लाई के साथ तीसरे और कतर 1,15,340 टन के साथ चौथे नंबर पर रहा.
एलपीजी ही नहीं, ओमान ने एलएनजी (LNG) मार्केट में भी अमेरिका को पछाड़ा
केवल एलपीजी ही नहीं, बल्कि लिक्विफाइड नेचुरल गैस यानी एलएनजी के मामले में भी खाड़ी देश बाजी मार रहे हैं. सितंबर में ओमान भारत का सबसे बड़ा एलएनजी सप्लायर बनकर उभरा है. ओमान ने भारत को 5,85,000 टन एलएनजी भेजी, जिससे कुल आयात में उसकी हिस्सेदारी 27 प्रतिशत हो गई. अगस्त में टॉप पर रहने वाला अमेरिका अब 3,51,000 टन सप्लाई के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गया है. नाइजीरिया दूसरे स्थान पर रहा, जबकि कतर सप्लाई पर पड़े असर के कारण छठे स्थान पर पहुँच गया है.
समंदर में बढ़ा जहाजों का किराया, खाड़ी देशों से ईंधन लाना पड़ा थोड़ा महंगा
खाड़ी देशों से आपूर्ति भले ही पहले की तरह शुरू हो गई हो, लेकिन होर्मुज के रास्ते में सुरक्षा जोखिम अभी भी बना हुआ है. केपलर के विश्लेषकों का कहना है कि समंदर में जहाजों के किराए और इंश्योरेंस के खर्च में काफी बढ़ोतरी हुई है. इसका मतलब यह है कि खाड़ी देशों से ईंधन भारत पहुँच तो रहा है, लेकिन इसकी लागत थोड़ी बढ़ गई है. बिना किसी ठोस कूटनीतिक समाधान के कारोबार जारी रखने के कारण कंपनियों को ज्यादा परिवहन शुल्क चुकाना पड़ रहा है, जिसका असर कुल बजट पर पड़ता है.
‘डाइवर्सिफिकेशन प्लान’ पर काम जारी, संकट से निपटने के लिए भारत तैयार कर रहा बैकअप
खाड़ी देशों से ईंधन की आपूर्ति तेज होने के बावजूद भारतीय रिफाइनरी कंपनियां केवल एक क्षेत्र पर निर्भर नहीं रहना चाहतीं. भारत सरकार अब कनाडा, अल्जीरिया, मोजांबिक और ब्राजील जैसे नए उत्पादक देशों से भी तेल और गैस खरीदने की योजना पर काम कर रही है. खाड़ी के करीब होने के कारण ईंधन लाना सस्ता और समय बचाने वाला होता है, लेकिन अमेरिका और अन्य देशों से रिश्ते मजबूत रखकर भारत अपना बैकअप प्लान तैयार रख रहा है. इससे भविष्य में किसी भी वैश्विक तनाव के दौरान देश में ऊर्जा संकट पैदा नहीं होगा.
