UP Gaurav Samman: यूपी की राजधानी लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर शनिवार को गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय यूपी दिवस का शुभारंभ करेंगे. इस अवसर पर वे एक जिला, एक व्यंजन (ओडीओसी) और सरदार पटेल औद्योगिकी क्षेत्र योजना का भी शुभारंभ करेंगे. यह कार्यक्रम 24 जनवरी से शुरू होकर तीन दिन तक चलेगा. इस मौके पर प्रदेश सरकार प्रदेश का नाम देश-दुनिया में रोशन करने वाली पांच प्रमुख हस्तियों को ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26’ से सम्मानित किया जाएगा. ये सम्मान अंतरिक्ष विज्ञान, शिक्षा, साहित्य, महिला सशक्तिकरण और कृषि जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को दिया जाएगा.
किसे दिया जाता है यूपी गौरव सम्मान
उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान संस्कृति विभाग द्वारा उन विभूतियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने कला, कृषि, विज्ञान, साहित्य, शिक्षा, उद्यमिता, खेल और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर प्रदेश का मान बढ़ाया है. आइए जानते हैं उन पांच लोगों के बारे में जिन्हें सम्मानित किया जाएगा.
लखनऊ के विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला
गौरव सम्मान 2025-26 से सम्मानित होने वाली विभूतियों में राजधानी लखनऊ के अंतरिक्ष यात्री एवं भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला शामिल हैं. शुभांशु शुक्ला ने 26 जून 2025 को नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान द्वारा प्रक्षेपण के बाद अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर पहुंचकर इतिहास रचा था. वे आईएसएस पर कदम रखने वाले पहले भारतीय अंतरिक्षयात्री बने.
प्रयागराज के अलख पांडेय
शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाले प्रयागराज के अलख पांडेय को यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा. अलख पांडेय ने साल 2016 में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए ‘फिजिक्स वाला’ यूट्यूब चैनल शुरू किया था. साल 2022 में उनकी कंपनी भारत की छठी एडटेक यूनिकॉर्न बनी. उनको कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं.
डॉ. हरिओम पंवार
साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले बुलंदशहर के बुटना गांव में जन्मे डॉ. हरिओम पंवार इस साल यूपी गौरव सम्मान मिलेगा. मेरठ महाविद्यालय में विधि के प्रोफेसर रहे डॉ. पंवार की कविताएं ‘काला धन’, ‘घाटी के दिल की धड़कन’, ‘मैं मरते लोकतंत्र का बयान हूं’ और ‘बागी हैं हम, इंकलाब के गीत सुनाते जाएंगे’ समाज को जाग्रत करने वाली रचनाएं हैं.
डॉ. सुधांशु सिंह, कृषि वैज्ञानिक, वाराणसी
कृषि क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियों के लिए वाराणसी निवासी डॉ. सुधांशु सिंह को यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा. डॉ. सिंह एक जाने-माने प्रोफेशनल हैं जिन्होंने शोध, विस्तार कार्य और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
रश्मि आर्य ने 22 अक्टूबर 2007 को परीक्षितगढ़ के नारंगपुर में कन्या गुरुकुल की नींव रखी. आज यह संस्था श्रीमद् दयानंद आर्य कन्या गुरुकुल के नाम से जानी जाती है. उनका गुरुकुल वैदिक संस्कृति और आधुनिक शिक्षा का सुंदर समन्वय है. यहां संस्कृत, वैदिक शिक्षा, हवन, संगीत के साथ-साथ इंग्लिश स्पीकिंग और कंप्यूटर शिक्षा भी दी जाती है.
ये भी पढ़ें: UP weather: जानें कब तक यूपी को झेलना पड़ सकता है ठंडी हवा और बारिश का कहर
