UP MLC election results: उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं. इस चुनाव में बीजेपी ने 6 और समाजवादी पार्टी ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की है. लखनऊ और आगरा जैसे गढ़ में सपा की जीत ने बीजेपी को झटका दिया है.

UP MLC election results: उत्तर प्रदेश में स्नातक और शिक्षक कोटे की 11 विधान परिषद सीटों के चुनाव में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला है. कुल 11 सीटों में से बीजेपी ने 6 सीटों पर कब्जा जमाया है, वहीं समाजवादी पार्टी के खाते में 5 सीटें आई हैं. वाराणसी स्नातक सीट पर सपा के आशुतोष सिन्हा ने जीत दर्ज कर ली है. इस तरह दोनों दलों के बीच का मुकाबला बेहद कड़ा रहा.
बीजेपी की 6 सीटों पर जीत
बीजेपी ने शिक्षक कोटे की चार और स्नातक कोटे की दो सीटों पर जीत दर्ज की है. लखनऊ शिक्षक सीट से पार्टी के उमेश द्विवेदी तीसरी बार एमएलसी चुने गए हैं. मेरठ में बीजेपी का शानदार प्रदर्शन रहा, जहाँ शिक्षक सीट से श्रीचंद शर्मा और स्नातक सीट से दिनेश गोयल विजयी रहे. इसके अलावा बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट से डॉ. हरि सिंह ढिल्लों और आगरा स्नातक सीट से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने जीत हासिल की. सीएम योगी के गृह क्षेत्र गोरखपुर की शिक्षक सीट पर बीजेपी के ध्रुव त्रिपाठी ने काफी मशक्कत के बाद जीत दर्ज की.
सपा का मजबूत प्रदर्शन
समाजवादी पार्टी ने कुल 5 सीटों पर अपनी जीत का परचम लहराया है. सपा ने वाराणसी-मिर्जापुर की शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव और स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा के जरिए कब्जा जमाया है. वहीं झांसी स्नातक सीट से डॉ. मान सिंह यादव ने सपा को जीत दिलाई. लखनऊ की हाई-प्रोफाइल स्नातक सीट पर सपा की कांति सिंह ने बीजेपी के उम्मीदवार को हराकर बड़ा उलटफेर किया. इसके अलावा आगरा की शिक्षक सीट से सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल ने जीत हासिल की है.
बीजेपी को लगा बड़ा झटका
इस चुनाव में बीजेपी को अपने मजबूत गढ़ माने जाने वाले क्षेत्रों में झटके का सामना करना पड़ा है. लखनऊ की स्नातक सीट बीजेपी के हाथ से निकलकर सपा के पास चली गई है. दूसरी तरफ आगरा शिक्षक सीट पर आकाश अग्रवाल ने सपा के टिकट पर चुनाव लड़कर बीजेपी के प्रत्याशी को हरा दिया. आकाश पहले बीजेपी के साथ थे, लेकिन टिकट न मिलने पर वे सपा में शामिल हो गए थे. इन दो प्रमुख सीटों पर हार के बाद बीजेपी खेमे में चिंता का माहौल है और पार्टी नेताओं ने इस नतीजे की समीक्षा करने की बात कही है.
सपा खेमे में उत्साह का माहौल
साल 2020 के एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी को केवल 3 सीटों पर जीत मिली थी. इस बार 5 सीटें जीतकर सपा कार्यकर्ताओं का हौसला काफी बुलंद नजर आ रहा है. पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी है. उन्होंने किसी भी तरह का जश्न या जुलूस न निकालने की हिदायत दी है, ताकि कोई विवाद न खड़ा हो. वहीं शिवपाल यादव ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यह जीत 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत आधार तैयार करेगी.
चुनावी नतीजों के सियासी मायने
शिक्षकों और स्नातकों के इस चुनाव में दोनों दलों ने अपने-अपने सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश की थी. बीजेपी ने अपने 6 विजेताओं में तीन ब्राह्मण, एक ठाकुर, एक सिख और एक वैश्य उम्मीदवार को जीत दिलाई. दूसरी ओर सपा ने अपने ‘पीडीए’ फॉर्मूले के तहत दो यादव, एक कुर्मी, एक कायस्थ और एक वैश्य उम्मीदवार को मैदान में उतारकर जीत दर्ज की. लखनऊ और आगरा जैसे परंपरागत गढ़ में सपा की जीत यह दर्शाती है कि प्रबुद्ध वर्ग के बीच दोनों दलों में कांटे की टक्कर चल रही है.
